पूर्णिया, आनंद यादुका: धमदाहा अनुमंडल मुख्यालय में वर्षों से लंबित बस पड़ाव की मांग अब साकार होती नजर आ रही है। बस पड़ाव के लिए पूर्व से चिन्हित स्थल का पूर्णिया के उप विकास आयुक्त अंजनी कुमार ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने धमदाहा एसडीएम अनुपम सहित मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि सबसे पहले चिन्हित भूमि की बाउंड्री कराई जाए, इसके बाद बस पड़ाव निर्माण से जुड़ी आगे की सभी प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी। गौरतलब है कि धमदाहा अनुमंडल मुख्यालय में अब तक स्थायी बस पड़ाव नहीं होने के कारण बसों को सड़क किनारे खड़ा करना पड़ता था, जिससे आए दिन यातायात बाधित होता था और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
डीडीसी के निरीक्षण के बाद क्षेत्रवासियों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही धमदाहा को व्यवस्थित और सुरक्षित बस पड़ाव की सौगात मिलेगी, जिससे यातायात व्यवस्था में सुधार के साथ-साथ आम यात्रियों को भी बड़ी राहत मिलेगी। इस अवसर पर जिला पार्षद मो. नौशाद सहित कई अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।



