अररिया, प्रिंस कुमार: अररिया सदर अस्पताल में जीविका और स्वास्थ्य विभाग की साझी पहल के तहत संचालित ‘स्वास्थ्य सहायता केन्द्र’ जरूरतमंद मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहा है। 3 फरवरी 2023 से शुरू हुए इस केंद्र के माध्यम से अब तक 26,533 से अधिक मरीजों को सहायता दी जा चुकी है।
अस्पताल परिसर में स्थापित यह केंद्र दो पालियों में कार्य करता है, जिससे दूर-दराज से आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। यहां तैनात जीविका की ‘स्वास्थ्य मित्र’ विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली महिलाओं और उनके परिजनों को पंजीकरण, डॉक्टर से परामर्श, जांच और दवा प्राप्त करने तक हर चरण में सहयोग प्रदान करती हैं।
बड़े अस्पताल की जटिल प्रक्रियाओं से घबराने वाले मरीजों के लिए यह केंद्र मार्गदर्शक की भूमिका निभा रहा है, जिससे उन्हें समय पर इलाज और सही जानकारी मिल रही है। यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, मानवीय और व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



