ईमेल से बम धमकी के बाद पूर्णिया सिविल कोर्ट हाई अलर्ट पर, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता ने संभाली मोर्चा

पूर्णिया: पूर्णिया सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शुक्रवार को पूरे न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया और प्रशासन ने तत्काल सुरक्षा के व्यापक इंतजाम लागू कर दिए। जानकारी के अनुसार देर रात लगभग 12 बजे के बाद कोर्ट की आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ, जिसमें परिसर को विस्फोट से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। ईमेल की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया और सुबह होते-होते कोर्ट परिसर को पूरी तरह सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। मुख्य सड़क को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया तथा आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई।

मौके पर पूर्णिया सदर डीएसपी के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता ने कोर्ट परिसर के चप्पे-चप्पे की सघन तलाशी शुरू कर दी है, वहीं संदिग्ध वस्तुओं की जांच के लिए विशेष उपकरणों का भी उपयोग किया जा रहा है। एहतियातन न्यायालय भवन को खाली कराया गया और मेटल डिटेक्टर के जरिए अधिवक्ताओं व पक्षकारों की गहन जांच के बाद ही सीमित प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। अधिवक्ता संघ परिसर में भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है; केवल मुख्य गेट नंबर 01 को खोला गया है, जबकि अन्य सभी प्रवेश द्वार बंद रखे गए हैं। अनावश्यक क्लाइंट की एंट्री पर रोक लगा दी गई है और वाहनों की भी जांच की जा रही है।

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अवधेश तिवारी ने कहा कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हाल के दिनों में विभिन्न संस्थानों को ईमेल के माध्यम से धमकी मिलने की घटनाएं सामने आई हैं, ऐसे में यदि यह फर्जी भी हो तो यह अत्यंत चिंताजनक है कि इस तरह की हरकतें कौन और क्यों कर रहा है। जिला अधिवक्ता संघ के सचिव सुमन जी प्रकाश ने सभी अधिवक्ताओं से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने, सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध वस्तु की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की है। फिलहाल कोर्ट का नियमित कामकाज आंशिक रूप से प्रभावित है और प्रशासनिक जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्यवाही सामान्य रूप से संचालित करने पर निर्णय लिया जाएगा। पुलिस साइबर सेल ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है और पूरे मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है, जिससे परिसर में भय और सतर्कता का माहौल बना हुआ है।

Share This Article
अंग इंडिया न्यूज़ एक समर्पित डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है जो भारत की सांस्कृतिक गहराइयों, सामाजिक मुद्दों और जन-आवाज को निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करता है। हमारा उद्देश्य है—हर क्षेत्र, हर वर्ग और हर भाषा को प्रतिनिधित्व देना, ताकि खबरें सिर्फ सूचनाएं न रहें, बल्कि बदलाव की प्रेरणा बनें।हम न सिर्फ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं को कवर करते हैं, बल्कि उन कहानियों को भी उजागर करते हैं जो आमतौर पर मुख्यधारा से दूर रह जाती हैं। अंग इंडिया न्यूज़ का हर लेख, हर रिपोर्ट और हर विश्लेषण एक सोच के साथ लिखा जाता है—"जनता की नज़र से, जनता के लिए।"
- Advertisement -

आपके लिए ख़ास ख़बर

App Icon