पूर्णिया: जिला जनसंपर्क कार्यालय पूर्णिया द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति संख्या–176, दिनांक 12/02/2026 के अनुसार गुरुवार को विकास भवन, पूर्णिया में महिला एवं बाल विकास निगम के तत्वावधान में मिशन शक्ति अंतर्गत जिला हब फॉर एमपावरमेंट ऑफ वीमेन द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान एवं विशेष सखी वार्ता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बाल विवाह उन्मूलन, महिला सशक्तिकरण तथा समाज में लैंगिक समानता को बढ़ावा देना था। इस अवसर पर जिला प्रोग्राम पदाधिकारी ICDS श्रीमती सुगंधा शर्मा ने बाल विवाह एवं दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 की उपयोगिता की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर इन सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की। साथ ही बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना एवं मुख्यमंत्री उद्यमी योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में लैंगिक असमानता, लिंग भेदभाव तथा जिला हब कार्यालय द्वारा प्रदान की जाने वाली सुविधाओं पर भी जानकारी दी गई।
आयोजन में पूर्णिया जिले के सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन के जिला मिशन समन्वयक, केंद्र प्रशासक, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ, लेखा सहायक, परामर्शी, कार्यालय सहायक, महिला पर्यवेक्षिका, सेविका एवं जिला प्रोग्राम कार्यालय के सभी कर्मियों की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम के माध्यम से समाज को बाल विवाह मुक्त एवं महिला सशक्तिकरण की दिशा में सामूहिक प्रयास करने का संदेश दिया गया।



