पूर्णिया: पूर्णिया जिला के 256वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित आर्ट गैलरी कार्यक्रम में विधायक विजय खेमका ने सहभागिता करते हुए सभी पूर्णियावासियों को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी। विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि पूर्णिया ने मुगल, ब्रिटिश शासनकाल, स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानी, अकाल, भीषण बाढ़ और विकराल कठिन दौर देखा है। वर्तमान में एनडीए सरकार के कार्यकाल में जिले ने विभिन्न क्षेत्रों में विकास के नए आयाम देखे हैं। उन्होंने बताया कि आज उच्च शिक्षा, उत्तम चिकित्सा सुविधाएं, बढ़ता उद्योग, आसान आवागमन, उन्नत कृषि, हवाई यात्रा और “बंदे भारत” जैसी आधुनिक सेवाएं पूर्णियावासियों को उपलब्ध हैं।
विधायक ने कहा कि विकास की रफ्तार तेज है और जल्द ही ग्रीन एक्सप्रेसवे हाईवे तथा बुलेट ट्रेन का लाभ भी पूर्णिया को मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि हाई कोर्ट बेंच, इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम और मखाना बोर्ड मुख्यालय की स्थापना के प्रयास जारी हैं। विजय खेमका ने सभी से आह्वान किया कि आत्मनिर्भर और विकसित पूर्णिया के निर्माण के लिए मिलकर संकल्प लें, ताकि भारत को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने में पूर्णिया की भी महत्वपूर्ण भूमिका हो।
कार्यक्रम के बाद विधायक ने मिलनपाड़ा काली मंदिर परिसर और जलालगढ़ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन में भी भाग लिया।
साथ ही उन्होंने जिला परिषद बोर्ड की बैठक में पूर्णिया ईस्ट ब्लॉक स्थित साठ एकड़ में अवस्थित दिघ्घी पोखर के सौंदर्यीकरण हेतु योजना बनाने का सुझाव दिया और बहुमंजिला बाजार के दुकानदारों के किराया निर्धारण पर चर्चा की। उन्होंने जिला परिषद के सदस्यों और अधिकारियों को नए कार्य प्रारंभ करने और लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए, साथ ही आश्वासन दिया कि सभी विकास से जुड़े प्रस्ताव सरकार तक पहुंचाए जाएंगे।



