पूर्णिया : जिला के 256वें स्थापना दिवस के अवसर पर दिनांक 15.02.2026 को पुलिस केंद्र, पूर्णिया में जिला प्रशासन और मीडिया 11 के बीच एक मैत्री (फैंसी) क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें मीडिया 11 ने 6 रन से जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए मीडिया 11 की टीम ने निर्धारित 15 ओवर में 177 रन बनाए। टीम की ओर से राणा ने 35 गेंदों में शानदार 102 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि कप्तान धीरज झा ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। जवाब में उतरी जिला प्रशासन की टीम 15 ओवर में 169 रन ही बना सकी और मुकाबला 6 रन से हार गई।
मैच के बाद जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार एवं पुलिस अधीक्षक स्वीटी सेहरावत ने विजेता एवं उपविजेता टीम को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में डीएम अंशुल कुमार ने कहा कि स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित यह फैंसी मैच काफी रोमांचक और उत्साहवर्धक रहा। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। वहीं एसपी स्वीटी सेहरावत ने कहा कि यह मैच यादगार साबित हुआ है और पुलिस वीक के दौरान फिर से मीडिया टीम के साथ मुकाबला कर आज की हार का बदला लिया जाएगा।
इस अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से एडीएम, एसडीएम समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी मैदान में उतरे और खेल भावना का परिचय दिया। डीडीसी अंजनी कुमार एवं डीएसओ रवि शंकर उरांव ने अपनी मनोरंजक कमेंट्री से दर्शकों और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम में प्रेस क्लब अध्यक्ष नंदकिशोर सिंह सहित मीडिया 11 के खिलाड़ी—मनोहर कुमार, प्रवीण कुमार, जेपी मिश्रा, धीरज झा, अंकित झा, अमन जायसवाल, तहसीन, तहजीब, राजन रेड्डी, विकास वर्मा, कुंदन, गौरव पंकज, बसु मित्र, राणा, मुन्ना कुमार, दीपक शरण, कुमार प्रवीण, आकाश कुमार, शादाब अली सहित अन्य उपस्थित रहे।

By अंग इंडिया न्यूज़

अंग इंडिया न्यूज़ एक समर्पित डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है जो भारत की सांस्कृतिक गहराइयों, सामाजिक मुद्दों और जन-आवाज को निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करता है। हमारा उद्देश्य है—हर क्षेत्र, हर वर्ग और हर भाषा को प्रतिनिधित्व देना, ताकि खबरें सिर्फ सूचनाएं न रहें, बल्कि बदलाव की प्रेरणा बनें।हम न सिर्फ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं को कवर करते हैं, बल्कि उन कहानियों को भी उजागर करते हैं जो आमतौर पर मुख्यधारा से दूर रह जाती हैं। अंग इंडिया न्यूज़ का हर लेख, हर रिपोर्ट और हर विश्लेषण एक सोच के साथ लिखा जाता है—"जनता की नज़र से, जनता के लिए।"