पूर्णिया: अंशुल कुमार, जिला पदाधिकारी, की अध्यक्षता में महानंदा सभागार, पूर्णिया में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रहे विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई और आवश्यक सुधारों के दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रम में सभी गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच (ANC) शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने और संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, समय पर एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराने, आशा कार्यकर्ताओं की शेष रिक्तियों को दस दिन के भीतर भरने और नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में सभी लक्षित शिशुओं को पूर्ण टीकाकरण कराने का निर्देश दिया। यक्ष्मा (टीबी) कार्यक्रम के अंतर्गत सभी मरीजों की पहचान, पोषण सहायता और टीबी मुक्त पंचायतों का चरणबद्ध चयन सुनिश्चित करने का भी आदेश दिया गया।
इसके अतिरिक्त परिवार नियोजन, महिला बंध्याकरण, पुरुष नसबंदी, गर्भनिरोधक वितरण और अति कुपोषित बच्चों के एनआरसी केंद्र में नामांकन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। बैठक में स्वास्थ्य विभाग और प्रखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे, जिन्हें जिले में लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु समन्वय और सतत अनुश्रवण के साथ काम करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।



