पूर्णिया : PAT 2023 के अभ्यर्थियों को अब तक अंकपत्र (मार्कशीट) उपलब्ध नहीं कराए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में छात्र नेता राजा कुमार ने छात्र कल्याण पदाधिकारी (DSW) को आवेदन सौंपकर जल्द से जल्द अंकपत्र जारी करने की मांग की है।

राजा कुमार ने बताया कि PAT 2023 के पुनर्मूल्यांकन का परिणाम 10 मई 2025 को ही जारी कर दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद अब तक किसी भी अभ्यर्थी को अंकपत्र नहीं दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन की लापरवाही के कारण कई छात्रों का नामांकन भी प्रभावित हुआ है। अंकपत्र के अभाव में कई छात्र निर्धारित समय पर नामांकन नहीं करा सके, जिससे उनकी पढ़ाई बाधित हो गई।

उन्होंने यह भी कहा कि कई अभ्यर्थी PAT 2024 एवं 2025 के लिए आवेदन करने से भी वंचित रह गए हैं। छात्रों का कहना है कि यह स्थिति विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़ा करती है।

मौके पर मौजूद यूजी छात्र अमन कुमार चौधरी ने भी कहा कि पूर्णिया विश्वविद्यालय में यूजी सीबीसीएस के अधिकांश सत्रों की स्थिति चिंताजनक है। बिना रजिस्ट्रेशन परीक्षा आयोजित करना, बिना अंकपत्र के नामांकन कराना जैसी समस्याएं लगातार सामने आ रही हैं, जो कि यूजीसी के नियमों का उल्लंघन है।

छात्रों ने मांग की है कि सभी अभ्यर्थियों का अंकपत्र शीघ्र जारी किया जाए, ताकि वे अपनी आगे की पढ़ाई जारी रख सकें। इस मामले को लेकर छात्रों में असंतोष का माहौल है। अब देखना यह है कि विश्वविद्यालय प्रशासन इस पर कितनी जल्द कार्रवाई करता है।

By अंग इंडिया न्यूज़

अंग इंडिया न्यूज़ एक समर्पित डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है जो भारत की सांस्कृतिक गहराइयों, सामाजिक मुद्दों और जन-आवाज को निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करता है। हमारा उद्देश्य है—हर क्षेत्र, हर वर्ग और हर भाषा को प्रतिनिधित्व देना, ताकि खबरें सिर्फ सूचनाएं न रहें, बल्कि बदलाव की प्रेरणा बनें।हम न सिर्फ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं को कवर करते हैं, बल्कि उन कहानियों को भी उजागर करते हैं जो आमतौर पर मुख्यधारा से दूर रह जाती हैं। अंग इंडिया न्यूज़ का हर लेख, हर रिपोर्ट और हर विश्लेषण एक सोच के साथ लिखा जाता है—"जनता की नज़र से, जनता के लिए।"