पूर्णिया में उप विकास आयुक्त अंजनि कुमार की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक, विभागों की प्रगति संतोषजनक

PURNIA NEWS : उप विकास आयुक्त सह प्रभारी जिलाधिकारी अंजनि कुमार की अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों की अद्यतन प्रगति और पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला कल्याण, परिवहन, आपदा प्रबंधन, सात निश्चय, ग्रामीण विकास अभिकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायत राज, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, सामाजिक सुरक्षा, कृषि, विद्युत, आईसीडीएस, खनन, श्रमायुक्त कार्यालय सहित सभी विभागों की कार्य प्रगति संतोषजनक पाई गई। माननीय उच्च न्यायालय से संबंधित मामलों की समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त ने विधि शाखा के प्रभारी पदाधिकारी और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी वादों का निष्पादन प्राथमिकता और निर्धारित समय सीमा में सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनकल्याणकारी योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण कार्यान्वयन समयबद्ध तरीके से कराया जाए। स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना की समीक्षा में उन्होंने इसे राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना बताते हुए योग्य छात्र-छात्राओं तक इसका समय पर लाभ पहुंचाना आवश्यक बताया। विद्युत आपूर्ति से जुड़े मामलों में कार्यपालक अभियंता को उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने और सभी शिकायतों का तुरंत समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। ऑनलाइन म्यूटेशन कार्यों में भी सभी अंचल अधिकारियों को समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में अपर समाहर्ता सीलिंग रामेश्वर राम, अपर समाहर्ता विधि व्यवस्था राज कुमार गुप्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सदर पार्थ गुप्ता, वरीय उपसमाहर्ता शीलीमा, उप निर्वाचन पदाधिकारी संजुला कुमारी, जिला योजना पदाधिकारी राकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे, जबकि कई अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *