पहले दिन बाधित रही थी नामांकन प्रक्रिया, DSW ने बढ़ाई अंतिम तिथि, अब 22 जून तक मिलेगा मौका

पूर्णियाँ : पूर्णियाँ विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्र 2026-30 के चार वर्षीय स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रथम मेधा सूची के आधार पर होने वाले नामांकन की तिथि को बढ़ा दिया गया है। पहले नामांकन की प्रक्रिया 16 जून से 19 जून तक निर्धारित थी, लेकिन प्रारंभिक दिनों में नामांकन प्रक्रिया प्रभावित रहने के कारण विश्वविद्यालय प्रशासन ने अंतिम तिथि बढ़ाकर 22 जून 2026 कर दी है।

डीन छात्र कल्याण कार्यालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार अब छात्र-छात्राएं 20 जून से 22 जून तक अपने आवंटित महाविद्यालय में जाकर नामांकन करा सकेंगे। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि 21 जून (रविवार) को भी नामांकन की प्रक्रिया जारी रहेगी और 22 जून के बाद किसी भी परिस्थिति में तिथि का विस्तार नहीं किया जाएगा।विश्वविद्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रथम मेधा सूची में जिन विद्यार्थियों को सीट आवंटित की गई है, यदि वे निर्धारित अवधि के भीतर अपने आवंटित कॉलेज में नामांकन नहीं लेते हैं तो उन्हें द्वितीय मेधा सूची में शामिल नहीं किया जाएगा।नामांकन के लिए विद्यार्थियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी तथा उन्हें अपने सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), एसएलसी/टीसी और माइग्रेशन प्रमाण पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे, क्योंकि नामांकन के साथ ही पंजीकरण की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।

नामांकन तिथि विस्तार की सूचना

शुल्क के संबंध में विश्वविद्यालय ने निर्देश दिया है कि निर्धारित राशि से अधिक शुल्क नहीं लिया जाएगा। सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के लिए प्रथम सेमेस्टर का नामांकन शुल्क ₹2,255 निर्धारित है, जबकि विज्ञान, भूगोल, मनोविज्ञान, गृह विज्ञान एवं संगीत जैसे प्रायोगिक विषयों के विद्यार्थियों को प्रयोगशाला शुल्क के रूप में अतिरिक्त ₹600 जमा करने होंगे। वहीं एससी/एसटी वर्ग के विद्यार्थियों और सभी वर्ग की छात्राओं से नामांकन शुल्क नहीं लिया जाएगा।विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों से अपील की है कि वे विस्तारित अवधि के भीतर अपना नामांकन सुनिश्चित कर लें।