पूर्णियाँ को मिला पहला एसएसपी : डॉक्टर से IPS बने डॉ. शौर्य सुमन संभालेंगे जिले की कमान, स्वीटी सहरावत का तबादला

पूर्णियाँ : बिहार सरकार ने पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इसी क्रम में सीमांचल के महत्वपूर्ण जिले पूर्णिया को पहली बार वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) स्तर का अधिकारी मिला है। पश्चिमी चंपारण में तैनात रहे तेज-तर्रार आईपीएस अधिकारी डॉ. शौर्य सुमन को प्रोन्नति के साथ पूर्णिया का नया एसएसपी बनाया गया है। वहीं अब तक जिले की पुलिस अधीक्षक रहीं स्वीटी सहरावत का स्थानांतरण पटना स्थित विशेष शाखा में एसपी के पद पर किया गया है।

डॉ. शौर्य सुमन की पहचान एक ऐसे अधिकारी के रूप में होती है, जिन्होंने चिकित्सा क्षेत्र की पढ़ाई करने के बाद भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में अपनी जगह बनाई। डॉक्टर से पुलिस अधिकारी बनने तक का उनका सफर युवाओं के लिए प्रेरणादायक माना जाता है। अब उनके नेतृत्व में पूर्णिया पुलिस से अपराध नियंत्रण, बेहतर कानून-व्यवस्था और आम लोगों के साथ मजबूत संवाद की उम्मीद की जा रही है।

पूर्णिया का एसएसपी जिला बनना प्रशासनिक दृष्टि से भी एक महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है। सीमांचल के प्रमुख जिले होने के कारण यहां कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। नए एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन जल्द ही अपना कार्यभार संभालेंगे और जिले की पुलिस व्यवस्था की कमान संभालेंगे।

वहीं, निवर्तमान एसपी स्वीटी सहरावत के कार्यकाल में भी कई महत्वपूर्ण पुलिस अभियान चलाए गए और अब उन्हें नई जिम्मेदारी के तहत पटना विशेष शाखा में पदस्थापित किया गया है। राज्य सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद पूर्णिया सहित कई जिलों में पुलिस नेतृत्व में बदलाव देखने को मिला है।