मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो कुलपति कार्यालय के समक्ष भूख हड़ताल करेंगे छात्र नेता

पूर्णियाँ : पूर्णियाँ विश्वविद्यालय से जुड़े विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक मुद्दों को लेकर छात्र नेता सौरभ कुमार ने विश्वविद्यालय प्रशासन को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि लंबित मांगों पर शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो वे कुलपति कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठेंगे।

सौरभ कुमार ने आरोप लगाया कि एमएचएएनडी डिग्री कॉलेज, ठाकुरगंज (किशनगंज) में सीबीसीएस स्नातक सत्र 2026-30 के प्रथम मेधा सूची के आधार पर नामांकन के दौरान अवैध वसूली की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से पीजी द्वितीय सेमेस्टर (सत्र 2025-27) के नामांकन, पीजी चतुर्थ सेमेस्टर (सत्र 2024-26) के परीक्षा प्रपत्र भरने की प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से संचालित करने तथा बीएड में रिक्त सीटों पर शीघ्र नामांकन शुरू कराने की मांग की।

सौरभ कुमार ने यह भी मांग की कि पीएचडी सत्र 2022 एवं 2023 के शोधार्थियों सहित विश्वविद्यालय में नामांकित सभी छात्रों के मैट्रिक, इंटरमीडिएट, स्नातक, स्नातकोत्तर एवं अन्य शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों का संबंधित बोर्ड एवं विश्वविद्यालयों से सत्यापन कराया जाए, ताकि प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और विश्वसनीय बनी रहे। उन्होंने परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि बार-बार एक ही महाविद्यालय को परीक्षा एवं मूल्यांकन केंद्र बनाए जाने से वहां की नियमित शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित होती हैं।

विश्वविद्यालय को अन्य संबद्ध महाविद्यालयों को भी समान अवसर देना चाहिए। सौरभ कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन को सभी मामलों में निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध कार्रवाई करनी चाहिए। यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो वे कुलपति कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।