पूर्णियाँ विश्वविद्यालय ने NAD/ABC पोर्टल पर 1.25 लाख से अधिक विद्यार्थियों का शैक्षणिक रिकॉर्ड किया अपलोड

अंग इंडिया / पूर्णियाँ / किशन : पूर्णियाँ विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय शैक्षणिक डिपॉजिटरी (NAD) एवं अकादमिक बैंक ऑफ क्रेडिट (ABC) प्रणाली के अंतर्गत विद्यार्थियों के शैक्षणिक रिकॉर्ड अपलोड करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय की 01 जुलाई 2026 की आधिकारिक NAD Upload Report के अनुसार कुल 1,25,361 छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक रिकॉर्ड सफलतापूर्वक अपलोड किए जा चुके हैं।

रिपोर्ट के अनुसार विश्वविद्यालय के 9 विभिन्न पाठ्यक्रमों तथा 27 शैक्षणिक सत्रों का डेटा अपलोड किया गया है। इनमें सर्वाधिक 95,459 रिकॉर्ड UG (CBCS) के हैं, जबकि UG (Before CBCS) के 22,483, PG (CBCS) के 3,698, B.Ed के 2,866, BCA (Semester) के 502, BCA (Hons) के 101, B.Tech के 101, BBA के 130 तथा CND के 21 रिकॉर्ड शामिल हैं।विशेष रूप से सत्र 2025 के विद्यार्थियों का रिकॉर्ड भी निर्धारित समय-सीमा 30 जून 2026 तक NAD/ABC पोर्टल पर सफलतापूर्वक अपलोड कर दिया गया है, जिससे विद्यार्थियों को डिजिटल डिग्री, मार्कशीट एवं Academic Bank of Credits (ABC) से संबंधित सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

इस महत्वपूर्ण कार्य के सफल क्रियान्वयन में विश्वविद्यालय के NAD नोडल पदाधिकारी डॉ. मनोज सेन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके समन्वय एवं सतत प्रयासों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर रिकॉर्ड अपलोड करने का कार्य पूरा किया गया।राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के अनुरूप NAD एवं ABC प्रणाली विद्यार्थियों के शैक्षणिक अभिलेखों को सुरक्षित, डिजिटल एवं सत्यापित स्वरूप में उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। विश्वविद्यालय द्वारा समयबद्ध रूप से रिकॉर्ड अपलोड किए जाने से विद्यार्थियों को भविष्य में उच्च शिक्षा, रोजगार तथा अन्य शैक्षणिक प्रक्रियाओं में सुविधा मिलेगी।