रुपौली में ‘सखी वार्ता’ कार्यक्रम आयोजित, महिलाओं को अधिकारों व सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

पूर्णियाँ : जिला पदाधिकारी श्री अंशुल कुमार के निर्देशन में महिलाओं एवं किशोरियों को जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शनिवार को रुपौली प्रखंड में ‘सखी वार्ता’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला प्रोग्राम पदाधिकारी श्रीमती सुगंधा शर्मा की देखरेख में किया गया।कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण महिलाओं एवं किशोरियों को बाल विवाह, दहेज प्रथा, लैंगिक हिंसा, महिला सुरक्षा, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान तथा अल्पायु में मातृत्व के दुष्प्रभावों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

साथ ही महिलाओं के अधिकारों और विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।इस अवसर पर प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY), मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना (MKUY), वन स्टॉप सेंटर तथा 181 महिला हेल्पलाइन के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि पात्र महिलाओं तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए अधिक से अधिक आवेदन सुनिश्चित किए जाएँ।जिला मिशन समन्वयक, डीएचईडब्ल्यू (DHEW) नंदन कुमार सिंह ने महिलाओं को डिजिटल भुगतान, वित्तीय प्रबंधन, नियमित बचत तथा सरकारी वित्तीय योजनाओं के लाभ के बारे में जानकारी देते हुए आर्थिक रूप से सशक्त बनने का आह्वान किया।

साथ ही महिलाओं को उनके कानूनी अधिकार, स्वास्थ्य संबंधी विषयों और विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया भी समझाई गई।कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, रुपौली, वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक कुसुम कुमारी, महिला पर्यवेक्षिकाएँ, आंगनबाड़ी सेविकाएँ, लेखा सहायक डीएचईडब्ल्यू पुष्कर सुमन सहित बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएँ एवं महादलित टोला की किशोरियाँ उपस्थित रहीं।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने बाल विवाह, दहेज प्रथा और लैंगिक भेदभाव जैसी सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन तथा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का सामूहिक संकल्प लिया।