पूर्णियाँ : जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल, पूर्णिया में शनिवार को शिक्षकों एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों के उत्कृष्ट योगदान के सम्मान में एक विशेष एवं अप्रत्याशित सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह की पूर्व सूचना किसी को नहीं थी। जैसे ही सम्मान समारोह की घोषणा हुई, पूरे सभागार में उत्साह और खुशी का माहौल बन गया। समारोह में विद्यालय के चेयरमैन डॉ. पीयूष अग्रवाल, वाइस चेयरमैन शैलेन्द्र गुप्ता, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सुजीत प्रसाद, प्रधानाचार्या पुलोमा नंदी, प्रशासक प्रीतम दास, उप-प्रधानाचार्य राज कुमार दास, वरिष्ठ शैक्षणिक समन्वयक त्रिबेणी पाण्डेय सहित सभी शिक्षक, समन्वयक एवं गैर-शिक्षण कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन ने विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया। सम्मान उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा, नवाचार एवं उत्कृष्ट कार्यशैली के लिए प्रदान किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षकों एवं कर्मचारियों का तालियों की गड़गड़ाहट के बीच अभिनंदन किया गया, जिससे पूरे सभागार में उत्साह का माहौल बन गया।विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान की सफलता उसके समर्पित शिक्षकों एवं कर्मचारियों पर निर्भर करती है। उनके अथक प्रयास और प्रतिबद्धता ही संस्था को उत्कृष्टता की ओर अग्रसर करते हैं।
ऐसे सम्मान समारोह कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के साथ उन्हें और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं।कार्यक्रम ने पूरे विद्यालय परिवार में आत्मीयता, टीम भावना और पारस्परिक सम्मान को और मजबूत किया। विद्यालय प्रबंधन ने दोहराया कि जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल अपने शिक्षकों एवं कर्मचारियों के सम्मान, प्रोत्साहन और सर्वांगीण विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध है तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उत्कृष्ट कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।