एक माह से ठप नल-जल योजना, ग्रामीणों संग बमबम चौधरी ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

अररिया / संवाददाता : अररिया प्रखंड के ग्राम पंचायत जमुआ अंतर्गत फुलवारी गांव (वार्ड संख्या–13) में मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत संचालित ‘हर घर नल का जल’ योजना से पिछले करीब एक माह से पेयजल आपूर्ति बाधित रहने के विरोध में सामाजिक कार्यकर्ता बमबम चौधरी ने ग्रामीणों के साथ अररिया के जिला पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की।ज्ञापन में कहा गया है कि जलापूर्ति केंद्र की मोटर खराब होने के कारण पूरे वार्ड में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बंद है।

इससे ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि वार्ड प्रतिनिधि, पंचायत स्तर के पदाधिकारियों एवं संबंधित विभाग को कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।ग्रामीणों ने बताया कि जल संकट का सबसे अधिक असर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। लोगों को दूर-दराज़ से पानी लाकर दैनिक जरूरतें पूरी करनी पड़ रही हैं, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हो गया है।

बमबम चौधरी ने जिला पदाधिकारी से मांग की कि मामले की तत्काल जांच कर खराब मोटर की मरम्मत अथवा नई मोटर लगाकर जलापूर्ति जल्द बहाल कराई जाए। साथ ही योजना के रखरखाव में लापरवाही बरतने वाले संबंधित पदाधिकारियों एवं एजेंसी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो ग्रामीण लोक शिकायत निवारण अधिकार अधिनियम, 2015, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) तथा अन्य सक्षम प्राधिकारों के समक्ष औपचारिक शिकायत दर्ज कराएंगे।