पूर्णियाँ / संवाददाता : पूर्णियाँ जिला अंतर्गत के. नगर प्रखंड के लिए बुधवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब वर्षों से लंबित और क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांग को साकार करते हुए राजकीय डिग्री महाविद्यालय में पठन-पाठन का विधिवत शुभारंभ किया गया। उद्घाटन सह दीक्षारंभ समारोह के मुख्य अतिथि बिहार सरकार की भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह ने फीता काटकर महाविद्यालय का उद्घाटन किया तथा नए शैक्षणिक सत्र की औपचारिक शुरुआत कराई।
इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, छात्र-छात्राओं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति ने समारोह को ऐतिहासिक बना दिया।समारोह में पूर्णिया के जिलाधिकारी अंशुल कुमार, उप विकास आयुक्त (DDC) अंजनी कुमार, पूर्णिया विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रो० अखिलेश सहित विश्वविद्यालय एवं जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने महाविद्यालय की स्थापना को क्षेत्र के शैक्षणिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।अपने संबोधन में मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि के. नगर प्रखंड में राजकीय डिग्री महाविद्यालय की स्थापना क्षेत्र की वर्षों पुरानी और चिर-प्रतीक्षित मांग थी।

आज इस सपने को साकार होते देख उन्हें अत्यंत प्रसन्नता और संतोष का अनुभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक महाविद्यालय का उद्घाटन नहीं, बल्कि क्षेत्र के युवाओं के बेहतर भविष्य की मजबूत नींव है।उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य के 211 नए डिग्री महाविद्यालयों में एक साथ शैक्षणिक गतिविधियों का शुभारंभ किया गया है। इसी क्रम में के. नगर स्थित राजकीय डिग्री महाविद्यालय ने भी अपना शैक्षणिक सफर शुरू किया है, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
अपने संबोधन के दौरान मंत्री ने उस क्षण को भी याद किया जब सम्राट चौधरी उपमुख्यमंत्री के रूप में माँ कामाख्या महोत्सव राजकीय मेला के दौरान के. नगर आए थे। उस समय उन्होंने इस प्रखंड में राजकीय डिग्री महाविद्यालय स्थापित करने का आग्रह किया था। उन्होंने सार्वजनिक मंच से आश्वासन दिया था कि आगामी शैक्षणिक सत्र से महाविद्यालय का संचालन शुरू कराया जाएगा। आज वह वादा पूरा हुआ है और क्षेत्र की वर्षों पुरानी आकांक्षा साकार हुई है।उन्होंने कहा कि इस महाविद्यालय की स्थापना से सबसे अधिक लाभ ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं, विशेषकर बेटियों को मिलेगा। अब उन्हें उच्च शिक्षा के लिए पूर्णिया या अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे आर्थिक बोझ कम होगा, समय की बचत होगी और अधिक से अधिक विद्यार्थी उच्च शिक्षा से जुड़ सकेंगे।

उन्होंने विश्वास जताया कि यह संस्थान शिक्षा के साथ-साथ क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास का भी मजबूत आधार बनेगा।मंत्री लेशी सिंह ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए लगातार कार्य कर रही है।समारोह के अंत में उन्होंने के. नगर एवं आसपास के क्षेत्र की जनता को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि आने वाले समय में यह महाविद्यालय गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनकर क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों के सपनों को नई उड़ान देगा।