राजीव गांधी की 82वीं जयंती पर कांग्रेस कार्यालय पूर्णियाँ में श्रद्धांजलि सभा, योगदान को किया याद

पूर्णियाँ : भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की 82वीं जयंती के अवसर पर जिला कांग्रेस कार्यालय पूर्णियाँ में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस नेताओं ने राजीव गांधी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।

वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने आधुनिक भारत की नींव को मजबूत करने के साथ देश में संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नई दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य किया। उनके कार्यकाल में देश ने तकनीकी और संचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की, जिसका प्रभाव आज भी दिखाई देता है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजीव गांधी का सपना एक आधुनिक, प्रगतिशील और मजबूत भारत का निर्माण करना था। उनके विचार और देश के विकास के प्रति उनकी दूरदृष्टि आज भी युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष रंजन सिंह, आश नारायण चौधरी, दिनकर स्नेही, जवाहर किशोर उर्फ रिंकू यादव, अखिलेश कुमार, अफरोज खान, गौतम वर्मा, रविन्द्र सिंह, नीरज यादव, मोहन झा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने राजीव गांधी के बताए मार्ग पर चलने और उनके सपनों के भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।