रबी महाभियान एवं अंतरराष्ट्रीय महिला किसान दिवस पर पाँच महिला किसान सम्मानित

पूर्णियाँ : कृषि विभाग, पूर्णियाँ के तत्वावधान में गुरुवार को भोला पासवान शास्त्री कृषि महाविद्यालय के सभागार में रबी महाभियान एवं अंतरराष्ट्रीय महिला किसान दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पाँच महिला किसानों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार थे।कार्यक्रम में जिला प्रशासन, कृषि विभाग, कृषि विज्ञान केंद्र जलालगढ़ तथा भोला पासवान शास्त्री कृषि महाविद्यालय के वैज्ञानिकों, प्राध्यापकों, पदाधिकारियों, कर्मियों एवं महिला किसानों ने भाग लिया।इस दौरान जिला पदाधिकारी ने डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS) एवं फार्मर रजिस्ट्री के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

उन्होंने संबंधित कृषि पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने तथा कार्यों में आवश्यक सुधार लाने का निर्देश दिया। उन्होंने किसान चौपालों का नियमित आयोजन करने और किसानों की समस्याओं एवं जिज्ञासाओं को गंभीरता से सुनने पर जोर दिया। साथ ही, कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी सरल एवं स्पष्ट भाषा में किसानों तक पहुँचाने का निर्देश दिया।उर्वरकों की कालाबाजारी एवं बिक्री में अनियमितताओं को लेकर जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सतत निगरानी रखने तथा अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने किसानों को निर्धारित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।किसानों को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने रबी मौसम में वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाने और फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने की अपील की।

उन्होंने कहा कि पारंपरिक फसलों के साथ स्थानीय जलवायु, मिट्टी की प्रकृति, उपलब्ध संसाधनों एवं बाजार की मांग के अनुरूप वैकल्पिक फसलों की खेती करने से कृषि जोखिम कम करने और किसानों की आय बढ़ाने की संभावनाएँ बढ़ती हैं।कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी दी। वहीं, कृषि विज्ञान केंद्र जलालगढ़ के वैज्ञानिकों एवं भोला पासवान शास्त्री कृषि महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने किसानों को वैज्ञानिक खेती, आधुनिक कृषि तकनीकों तथा बेहतर उत्पादन के उपायों से संबंधित जानकारी दी।