पूर्णियाँ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विवेकानन्द सिंह अंतर विश्वविद्यालय स्थानांतरण स्टीयरिंग कमेटी में नामित

5 नवंबर को बिहार लोक भवन में होगी समिति की बैठक, शिक्षकों के स्थानांतरण आवेदनों पर होगा विचार-विमर्श

अंग इंडिया / पूर्णियाँ : पूर्णियाँ विश्वविद्यालय, पूर्णियाँ के कुलपति प्रो. विवेकानन्द सिंह को बिहार के राज्यपाल सह कुलाधिपति के सचिवालय द्वारा गठित अंतर विश्वविद्यालय स्थानांतरण संबंधी स्टीयरिंग कमेटी में सदस्य के रूप में नामित किया गया है। इस नामांकन को विश्वविद्यालय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

राज्यपाल सचिवालय, बिहार, पटना द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, बिहार राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम, 1976 की धारा 9(7)(i) के तहत विभिन्न श्रेणियों के शिक्षकों के अंतर विश्वविद्यालय स्थानांतरण से संबंधित आवेदनों पर विचार करने के लिए इस स्टीयरिंग कमेटी का गठन किया गया है। समिति की अध्यक्षता कुलाधिपति द्वारा नामित कुलपति करेंगे।

अधिसूचना के मुताबिक, समिति की बैठक 5 नवंबर 2026 को अपराह्न 1 बजे बिहार लोक भवन, पटना में आयोजित होगी। बैठक में शिक्षकों के अंतर विश्वविद्यालय स्थानांतरण के लिए प्राप्त आवेदनों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

प्रो. विवेकानन्द सिंह का समिति में शामिल होना उनके शैक्षणिक अनुभव और प्रशासनिक भूमिका के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विश्वविद्यालय परिवार ने इस नामांकन पर प्रसन्नता व्यक्त की है और उम्मीद जताई है कि उनके अनुभव से स्थानांतरण संबंधी मामलों के निष्पक्ष, पारदर्शी और नियमानुकूल निष्पादन में सहयोग मिलेगा।

विश्वविद्यालय परिवार ने जताई प्रसन्नता

पूर्णिया विश्वविद्यालय परिवार ने कुलपति के नामांकन को विश्वविद्यालय के लिए सम्मान का विषय बताया है। साथ ही, आशा व्यक्त की है कि समिति में उनकी सहभागिता से शिक्षकों के अंतर विश्वविद्यालय स्थानांतरण से जुड़े मामलों के निस्तारण में सकारात्मक योगदान मिलेगा।