छठ महापर्व को लेकर मंत्री लेशी सिंह ने विभिन्न छठ घाटों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

पूर्णियाँ : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर बिहार सरकार की भवन निर्माण विभाग की मंत्री एवं धमदाहा विधायक श्रीमती लेशी सिंह ने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने के.नगर प्रखंड के बनभाग बंगाली टोला एवं गणेशपुर संथाली टोला, काझा कोठी, नगर पंचायत मीरगंज के मीरगंज लिबरी पुल घाट, दुर्गा स्थान घाट एवं काली कुंज तथा नगर पंचायत धमदाहा के कठबजरा, धमदाहा घाट, अंचल कार्यालय स्थित घाट सहित विभिन्न छठ घाटों का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी धमदाहा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री श्रीमती सिंह ने घाटों पर साफ-सफाई, स्वच्छता, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सुरक्षा इंतजाम तथा छठ व्रतियों की सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली।

उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से भी बातचीत कर उनके सुझावों एवं समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।मंत्री लेशी सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ पूजा से पूर्व सभी घाटों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।इस अवसर पर मंत्री श्रीमती सिंह ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था, पवित्रता, अनुशासन और सूर्य उपासना का अद्भुत पर्व है। चार दिनों तक चलने वाला यह महापर्व हमारी समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का अनुपम प्रतीक है। श्रद्धालुओं की आस्था और सुविधा का सम्मान करते हुए पर्व के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए हर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी धमदाहा, के.नगर के अंचलाधिकारी, संबंधित नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।