पूर्णियाँ कॉलेज में जिला स्तरीय राष्ट्रीय खेल दिवस एवं युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित

खेल, फिटनेस और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर हुई चर्चा, नशामुक्त भारत की दिलाई गई शपथ

पूर्णियाँ : राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत–राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अंतर्गत “विकसित भारत युवा कनेक्ट–स्पोर्ट्स एडिशन” एवं “खेलो इंडिया संवाद–खेल की बात, प्रधानमंत्री जी के साथ” कार्यक्रम का जिला स्तरीय आयोजन पूर्णियां कॉलेज, पूर्णियां में राष्ट्रीय सेवा योजना प्रथम इकाई के तत्वावधान में किया गया।कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज की प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) सावित्री सिंह के मार्गदर्शन में हुआ, जबकि अध्यक्षता कॉलेज के परीक्षा नियंत्रक डॉ. रमन गुंजन ने की। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय सेवा योजना के लक्ष्यगीत से हुई। स्वागत भाषण सीए राजेश एस. झा ने दिया।उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि खेल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस दौरान विद्यार्थियों को मेरा युवा भारत पोर्टल पर पंजीकरण की जानकारी भी दी गई।

प्रधानमंत्री के संबोधन का हुआ सीधा प्रसारण

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। प्रधानमंत्री ने युवाओं को खेलों से जुड़ने और फिटनेस को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने “खेलेगा इंडिया, तभी खिलेगा इंडिया” की भावना के साथ खेलों को स्वस्थ, अनुशासित और सशक्त राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बताया। प्रधानमंत्री ने युवाओं को पारंपरिक खेलों के साथ नए एवं उभरते खेलों, विशेषकर ट्रैकिंग और जल क्रीड़ा जैसी गतिविधियों में भाग लेने के लिए भी प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि भारत में खेलों को बढ़ावा देने के लिए जनसांख्यिकीय और भौगोलिक विविधता दोनों मौजूद हैं। साथ ही युवाओं से खेल को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और फिट इंडिया की भावना को मजबूत करने की अपील की।

युवा संवाद में खेल और राष्ट्र निर्माण पर मंथन

प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद स्थानीय स्तर पर युवा संवाद आयोजित किया गया। इसमें खेल, खेल अवसंरचना, देश में विकसित हो रहे खेल परिवेश तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर चर्चा हुई। युवाओं ने अपने विचार, सुझाव एवं आकांक्षाएँ भी साझा कीं।परीक्षा नियंत्रक डॉ. रमन गुंजन ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी करने तथा अधिक से अधिक युवाओं को राष्ट्रीय सेवा योजना से जोड़कर सामाजिक कार्यों में योगदान देने का आह्वान किया।

राष्ट्रीय खिलाड़ी के प्रतिनिधि ने बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्तर के प्रसिद्ध खिलाड़ी श्री आर्यन तेजस के प्रतिनिधि के तौर पर उनके पिता श्री अमरेन्द्र कुमार उपस्थित रहे। उनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई तथा उन्होंने विद्यार्थियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

नशामुक्त भारत की दिलाई गई शपथ

कार्यक्रम में नशे के दुष्प्रभावों और नशामुक्त भारत के निर्माण पर भी विशेष संदेश दिया गया। प्रधानमंत्री के संबोधन से प्रेरित होकर कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने नशामुक्त भारत के निर्माण की शपथ ली।कार्यक्रम का मंच संचालन सूची कुमारी ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक चंद्रकांत कुमार, धनंजय कुमार, मुस्कान कुमारी सहित अन्य स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

इस अवसर पर कॉलेज के विभिन्न विभागों के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ मौजूद रहे।कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. कंचन कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी अतिथियों, शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मचारियों, स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर पूर्णियां कॉलेज परिसर में युवाओं के बीच खेल, फिटनेस, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक जिम्मेदारी को लेकर उत्साह देखने को मिला। जिला स्तरीय कार्यक्रम ने युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भूमिका का संदेश दिया।