PURNIA NEWS : सशक्त महिला, समृद्ध महिला बनाना है लक्ष्य – जिलाधिकारी

PURNIA NEWS : जिला पदाधिकारी कुन्दन कुमार ने शुक्रवार को पूर्णिया पूर्व प्रखंड के लालगंज पंचायत में स्थित शीतला माता मंदिर प्रांगण में दीप प्रज्वलित कर महिला संवाद कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर जीविका दीदियां, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता सहित स्थानीय महिलाओं ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ महिलाओं तक पहुंचाना और उन्हें जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि इस संवाद कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान भी किया जाएगा। जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा, “सशक्त महिला, समृद्ध महिला के उद्देश्य से महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए इस कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। यह कार्यक्रम महिलाओं को एक ऐसा मंच प्रदान करेगा जो उन्हें न्याय के साथ विकास तथा सशक्त एवं समृद्ध बनने में मदद करेगा।” उन्होंने साइकिल योजना का जिक्र करते हुए कहा कि पहले समाज में लड़कियों का साइकिल चलाना अच्छी नजरों से नहीं देखा जाता था, लेकिन इस योजना के बाद जब ग्रामीण सड़कों पर लड़कियां साइकिल से विद्यालय जाने लगीं तो समाज में सकारात्मक बदलाव आया। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा पंचायत चुनावों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण, पुलिस और सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत तथा खेल विश्वविद्यालय में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे राज्य की आधी आबादी को उनका हक मिला है। जिलाधिकारी ने जीविका दीदियों को “समाज की सबसे बड़ी क्रांति की जननायिका” बताते हुए कहा कि इनके रूप में समाज में जो बदलाव आ रहे हैं, वे भविष्य में समाज को और आगे ले जाएंगे। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे समाज को आगे ले जाने के लिए अपने सुझाव साझा करें।

कार्यक्रम के दौरान महिला संवाद वाहनों में लगे डिस्प्ले पर सरकार द्वारा संचालित महिला सशक्तिकरण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इससे महिलाओं को न केवल योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया बल्कि उन्हें इन योजनाओं के क्रियान्वयन से समाज में हो रहे सकारात्मक प्रभावों से भी अवगत कराया गया। इससे पूर्व बिहार के मुख्यमंत्री द्वारा राज्य स्तर पर महिला संवाद कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया था। पूर्णिया में जिलाधिकारी, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, निदेशक डीआरडीए और डीपीओ आईसीडीएस ने हरी झंडी दिखाकर महिला संवाद वाहनों को रवाना किया। ये वाहन जिले के सभी पंचायतों में घूमकर महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जागरूक करेंगे।कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, निदेशक डीआरडीए, अपर समाहर्ता, वरीय उप समाहर्ता सह डीपीओ आईसीडीएस, जिला कृषि पदाधिकारी, निदेशक एनईपी, डीपीएम जीविका, प्रखंड विकास पदाधिकारी पूर्णिया पूर्व, अंचल अधिकारी और सीडीपीओ पूर्णिया ग्रामीण सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article
अंग इंडिया न्यूज़ एक समर्पित डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है जो भारत की सांस्कृतिक गहराइयों, सामाजिक मुद्दों और जन-आवाज को निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करता है। हमारा उद्देश्य है—हर क्षेत्र, हर वर्ग और हर भाषा को प्रतिनिधित्व देना, ताकि खबरें सिर्फ सूचनाएं न रहें, बल्कि बदलाव की प्रेरणा बनें।हम न सिर्फ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं को कवर करते हैं, बल्कि उन कहानियों को भी उजागर करते हैं जो आमतौर पर मुख्यधारा से दूर रह जाती हैं। अंग इंडिया न्यूज़ का हर लेख, हर रिपोर्ट और हर विश्लेषण एक सोच के साथ लिखा जाता है—"जनता की नज़र से, जनता के लिए।"
- Advertisement -

आपके लिए ख़ास ख़बर

App Icon