पूर्णियाँ विश्वविद्यालय की समस्याओं को लेकर निवर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिले छात्र जदयू नेता किशन भारद्वाज

अंग इंडिया / संवाददाता : छात्र जदयू पूर्णियाँ के जिला उपाध्यक्ष सह प्रवक्ता किशन भारद्वाज ने पटना स्थित आवास पर बिहार के निवर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने साहित्य सम्राट मुंशी प्रेमचंद द्वारा रचित प्रसिद्ध उपन्यास ‘कर्मभूमि’ भेंट किया। मुलाकात के दौरान किशन भारद्वाज ने पूर्णियाँ विश्वविद्यालय में व्याप्त शैक्षणिक समस्याओं को उनके समक्ष रखा तथा छात्रों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर शीघ्र पहल का आग्रह किया।

किशन भारद्वाज ने विशेष रूप से पीएचडी प्रवेश परीक्षा (PAT-2024 एवं PAT-2025) का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सीमांचल के हजारों अभ्यर्थियों से लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व आवेदन शुल्क लेने के बावजूद अब तक प्रवेश परीक्षा आयोजित नहीं की गई। उन्होंने कहा कि इस बीच नई नीति लागू होने से पूर्व की PAT प्रक्रिया प्रभावित हो गई है, जिससे बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं का भविष्य अनिश्चितता के दौर में पहुंच गया है।उन्होंने निवर्तमान मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि बिहार के अधिकांश विश्वविद्यालय PAT-2024 एवं PAT-2025 के माध्यम से पीएचडी नामांकन प्रक्रिया पूरी कर चुके हैं, जबकि पूर्णियाँ विश्वविद्यालय सहित कुछ ही विश्वविद्यालय अब भी इस प्रक्रिया को पूरा नहीं कर सके हैं।

उन्होंने आग्रह किया कि इस मामले में माननीय राज्यपाल सह कुलाधिपति के स्तर पर आवश्यक पहल सुनिश्चित कर लंबित पीएचडी नामांकन प्रक्रिया का न्यायसंगत समाधान कराया जाए, ताकि प्रभावित शोधार्थियों के शैक्षणिक हित सुरक्षित रह सकें।इसके अलावा किशन भारद्वाज ने कहा कि पूर्णियाँ विश्वविद्यालय में विभिन्न शैक्षणिक कार्यों में अनावश्यक विलंब के कारण विद्यार्थियों को लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार एवं संबंधित प्राधिकार इस दिशा में सकारात्मक पहल करेंगे, जिससे छात्रों की लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सके।निवर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद किशन भारद्वाज ने विश्वास व्यक्त किया कि छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित स्तर पर सकारात्मक पहल की जाएगी, जिससे पूर्णियाँ विश्वविद्यालय के हजारों विद्यार्थियों को राहत मिल सके।