PURNIA NEWS आनंद यादुका : अकबरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुरैति पंचायत के भिठ्ठा में रविवार के दिन दहाड़े महिला की दबिया से काटकर निर्मम हत्या को लेकर अकबरपुर थाना में मामला दर्ज हो गया है । भिठ्ठा निवासी मनोज साह ने अपने पिता जगन्नाथ साह के ऊपर कृष्णा देवी की हत्या का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है । अकबरपुर थानाध्यक्ष अनुज कुमार राज ने बताया कि मनोज साह के आवेदन पर अकबरपुर थाना में कांड संख्यां 38/25 दर्ज किया जा चुका है । उन्होंने बताया कि मामला दर्ज करते हुए हत्यारोपी ससुर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है । बहुत जल्द हत्यारोपी ससुर जगन्नाथ साह को गिरफ्तार कर लिया जायेगा । बताना मुनासिब होगा कि रविवार की सुबह खेत मे मक्का छिल रही मनोज साह की पत्नी कृष्णा देवी की उसके ससुर जगन्नाथ साह ने दबिया से काटकर निर्मम हत्या कर दिया था । मृतक कृष्णा देवी के पति, पुत्र और पुत्री ने कृष्णा देवी के दूसरे के साथ कई बार भागने का आरोप लगाया है । मृतक महिला के पति मनोज साह ने बताया कि उसकी पत्नी दूसरे के साथ पूर्व में कई बार भाग गई थी । जिसको लेकर उसके पिता नाराज चल रहे थे । मनोज साह ने बताया कि अपने घर की इज्जत की वजह से नाराज चल रहे उसके पिता जगन्नाथ साह ने उसकी पत्नी की रविवार को दबिया से काटकर हत्या कर दिया और गांव से भाग निकला ।
हत्या के बाद घर आकर जगन्नाथ ने पोती को बताया था हत्या की बात :—–
रविवार की सुबह आठ बजे मक्का के खेत मे अपनी पुतोहु की दबिया से काटकर निर्मम हत्या करने के बाद जगन्नाथ साह अपने घर आया था । मृतक महिला कृष्णा देवी की बड़ी पुत्री करीना कुमारी ने बताया कि उसके दादा घर आने के बाद खून से सना दबिया की धोने का काम करते हुए उससे कहा कि तुमलोग चिंता नहीं करना आज घर के कलंक को खत्म कर दिया । उसने बताई की इसके बाद उसका दादा घर से कुछ सामान लेकर बाहर चला गया । कृष्णा की हत्या के बाद भी उसके परिजनों में हत्या का थोड़ा भी सिकन नहीं देखा जा रहा है । वहीं मृतक महिला कृष्णा देवी के पुत्र नीरज कुमार ने बताया कि उसके दादा जगन्नाथ साह कृष्णा देवी को अपने घर मे नही लाना चाहते थे । उसके दादा कृष्णा देवी के दूसरे के साथ भागने से काफी नाराज बने हुए थे और बार बार एक ही बात कहते थे कि उसने हमारे परिवार की इज्जत पर कलंक लगाया है । लेकिन परिवार के अन्य सदस्यों के द्वारा मनाने पर कृष्णा देवी को किसी तरह घर आने दिया गया था । इसके बाद बीते रविवार को जगन्नाथ साह ने कृष्णा देवी की दबिया से काटकर निर्मम हत्या कर दिया था ।



