PURNIA NEWS: दिव्यांग बच्चों की पहचान, प्रमाणीकरण व सरकारी योजनाओं से लाभ दिलाने की कवायद शुरू
पूर्णिया: किशोर न्याय अनुश्रवण समिति, माननीय सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली के निर्देशानुसार पूर्णिया जिले में 5 मई से 15 मई 2025 के बीच सभी प्रखंडों में दिव्यांगता पहचान शिविर (Disability Identification Camps) का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, दिव्यांगता सशक्तिकरण विभाग सहित अन्य सरकारी एजेंसियों के आपसी समन्वय से आयोजित किए जा रहे हैं।
इन शिविरों का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों की पहचान कर उनका दिव्यांगता प्रमाणीकरण, स्वास्थ्य परीक्षण और सरकारी योजनाओं से उन्हें आच्छादित करना है। जिला स्तर पर सभी सहायक निदेशक (दिव्यांगता सशक्तिकरण) को नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है। कैंपों के दौरान प्रखंड स्तर पर मेडिकल टीम द्वारा चिन्हित बच्चों को जिला मेडिकल बोर्ड के पास रेफर किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी को शिविरों के आयोजन हेतु रोस्टर तैयार करने और जिला स्तर पर मेडिकल बोर्ड का गठन करने का निर्देश दिया गया है। प्रखंड स्तर पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी संयुक्त रूप से नोडल पदाधिकारी होंगे।
इसके अलावा, पारा लीगल वॉलंटियर, आंगनबाड़ी सेविका, आशा कार्यकर्ता और माननीय जनप्रतिनिधियों की सहायता से शिविरों में दिव्यांग बच्चों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। प्रखंड विकास पदाधिकारियों को स्थल चयन, संचालन और निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी को सभी विद्यालयों में प्रचार-प्रसार के निर्देश मिले हैं ताकि हर दिव्यांग बच्चा इस प्रक्रिया से लाभान्वित हो सके। यह शिविर पूर्णिया जिले में दिव्यांग बच्चों के अधिकारों की दिशा में एक ठोस पहल है, जिससे उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य और कल्याण से जुड़ी योजनाओं का समुचित लाभ मिल सकेगा।


