सिविल सर्जन ने अनुमंडल अस्पताल बनमनखी का किया औचक निरीक्षण, राष्ट्रीय प्रमाणीकरण पर दिया जोर

अंग इंडिया संवाददाता : पूर्णिया। सिविल सर्जन पूर्णिया डॉ. प्रमोद कुमार कनौजिया द्वारा गुरुवार को अनुमंडल अस्पताल बनमनखी का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य ePMSMA, NQAS, LaQshya एवं Kayakalp योजनाओं के अंतर्गत अस्पताल के राष्ट्रीय प्रमाणीकरण की तैयारियों का जायजा लेना था।

निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन के साथ जिला गुणवत्ता परामर्शदाता (District Quality Consultant) डॉ. अनिल कुमार शर्मा भी उपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों ने संयुक्त रूप से अस्पताल के सभी विभागों का गहन निरीक्षण किया। इस क्रम में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, साफ-सफाई, अभिलेख संधारण तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

सिविल सर्जन ने संबंधित अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं के निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करें, आपसी समन्वय बनाए रखें तथा सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाएं। साथ ही राष्ट्रीय प्रमाणीकरण को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने पर विशेष बल दिया गया।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल के चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य संबंधित स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *