ARARIA NEWS: फारबिसगंज में वन विभाग ने 2.157 किलो कोबरा विष के साथ 6 तस्कर को धर दबोचा

अररिया, प्रिंस (अन्ना राय): ARARIA NEWS फारबिसगंज में वन विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए कोबरा सांप के विष की तस्करी में शामिल छह तस्करों को धर दबोचा है. इस संयुक्त अभियान को वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो और डिस्ट्रिक्ट इंटेलिजेंस यूनिट के सहयोग से अंजाम दिया गया. जिसमें 2.157 किलोग्राम कोबरा विष, तीन मोटरसाइकिल और छह मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. अररिया वन प्रमंडल द्वारा बताया गया कि यह कार्रवाई अररिया, फारबिसगंज और किशनगंज वन प्रक्षेत्र की संयुक्त टीमों द्वारा की गई. यह छापेमारी वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-1 के तहत संरक्षित कोबरा सांप के विष की अवैध तस्करी रोकने के उद्देश्य से की गई थी.

कोबरा सांप का विष अंतरराष्ट्रीय बाजार में अत्यधिक मूल्यवान होता है और इसका इस्तेमाल कई गैरकानूनी गतिविधियों, जैसे अवैध दवाओं और तंत्र-मंत्र जैसी गतिविधियों में किया जाता है.इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारी कीमत मिलती है, जिससे तस्कर इस व्यापार को बढ़ावा देते हैं वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। विभाग ने साफ किया है कि वन्यजीव तस्करी के खिलाफ भविष्य में भी सख्त अभियान चलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *