PURNEA NEWS : अमौर में हरे-भरे पेड़ों की अंधाधुंध कटाई, वन विभाग बेखबर; पीड़ित ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार

PURNEA NEWS ,विमल किशोरे  : पूर्णिया जिले के अमौर प्रखंड अंतर्गत ग्रामीण इलाकों में हरे-भरे पेड़ों की अवैध कटाई धड़ल्ले से जारी है, लेकिन वन संरक्षण विभाग के जिम्मेदार अधिकारी इससे बेखबर बने हुए हैं। इस संबंध में बनकोरा गांव निवासी रूप लाल विश्वास ने अमौर थाना प्रशासन को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। रूप लाल विश्वास ने अपने आवेदन में बताया कि करीब 10 वर्ष पूर्व उन्होंने बनकोरा गांव में अपने घर के समीप प्रधानमंत्री सड़क के किनारे चार वृक्ष छांव के लिए लगाए थे, जो अब काफी बड़े हो गए हैं। उनके अनुसार, बीते 13 मई, 2025 की रात करीब 9 बजे पूर्व के जमीन विवाद को लेकर उनके पड़ोसी राजू कुमार (पिता गंगू विश्वास), निरिया देवी (पति गंगू विश्वास) और किरण देवी (पति विकेश विश्वास) ने मिलकर उन चारों हरे-भरे पेड़ों को अवैध रूप से काट कर गिरा दिया।

पीड़ित ने आगे बताया कि 14 मई, 2025 को सुबह 7 बजे कुछ ग्रामीणों द्वारा पूछे जाने पर आरोपियों ने कहा कि अभी तो वृक्ष काटे हैं, अब उनका घर जलाकर वहां से भगाएंगे। रूप लाल विश्वास ने अमौर थाना प्रशासन से इस मामले की जांच कर दंडात्मक कानूनी कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया है। इस मामले में अमौर थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि बनकोरा गांव निवासी रूप लाल विश्वास द्वारा अवैध रूप से हरे-भरे पेड़ों की कटाई से संबंधित आवेदन प्राप्त हुआ है। उन्होंने जानकारी दी कि जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं और जांचोपरांत आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर पर्यावरण संरक्षण और अवैध कटाई पर प्रभावी नियंत्रण की आवश्यकता को उजागर किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *