भवानीपुर के गैर निबंधित अस्पताल में नवजात की मौत, प्रशासनिक कार्रवाई पर उठे सवाल

पूर्णिया, आनंद यादुका : धमदाहा अनुमंडल प्रशासन द्वारा क्षेत्र में फर्जी व अवैध क्लिनिक, पैथोलॉजी और अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर कार्रवाई की बात किए जाने के बीच भवानीपुर नगर पंचायत क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है। नगर पंचायत के बजरंगबली चौक स्थित एक गैर निबंधित अस्पताल में शनिवार को इलाज के दौरान एक नवजात बच्चे की मौत हो गई। मृतक नवजात की पहचान जावे पंचायत अंतर्गत जावे निवासी मो. मोज्जमिल के पुत्र के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार बच्चे को इलाज के लिए भवानीपुर नगर पंचायत कार्यालय के समीप स्थित बिना निबंधन के संचालित सवेरा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां शनिवार लगभग तीन बजे उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद अस्पताल संचालक मो. अल्ताफ एवं अन्य कर्मियों द्वारा मृतक बच्चे के शव को आनन-फानन में परिजनों के साथ घर भेज दिए जाने की बात सामने आई है। बिना निबंधन के संचालित अस्पताल में नवजात की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं। इस संबंध में सवेरा हॉस्पिटल के संचालक मो. अल्ताफ ने बताया कि बच्चे को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने कहा कि अस्पताल का निबंधन अगले पंद्रह दिनों के भीतर करा लिया जाएगा। वहीं, जब इस मामले में भवानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नवीन कुमार उपरोझिया से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि सवेरा हॉस्पिटल का निबंधन है या नहीं, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। उन्होंने कहा कि इसकी पुष्टि जिला स्तर से की जा सकती है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *