ARARIA NEWS : फारबिसगंज स्टेशन पर यात्रियों की प्यास बुझाने वाला निःशुल्क वॉटर चिलर तोड़ा गया, रेलवे ने दी जांच की आश्वासन

ARARIA NEWS,प्रिंस (अन्ना राय) : फारबिसगंज रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए लायंस क्लब द्वारा लगाया गया निःशुल्क वॉटर चिलर अज्ञात तत्वों द्वारा तोड़ दिए जाने से यात्रियों में आक्रोश फैल गया है। सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए क्लब ने भीषण गर्मी में यात्रियों को ठंडा पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह मशीन स्टेशन परिसर में लगवाई थी, जिसका प्रतिदिन सैकड़ों लोग लाभ उठा रहे थे। लेकिन अब यह सुविधा नष्ट कर दी गई है। यात्रियों ने सवाल उठाया है कि स्टेशन परिसर में सुरक्षा बल और रेलवे कर्मियों की मौजूदगी के बावजूद इस तोड़फोड़ की घटना की भनक किसी को कैसे नहीं लगी।

लायंस क्लब ने इसे जनहित के खिलाफ बताया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं स्थानीय नागरिक प्रिंस (अन्ना राय) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर तस्वीरें साझा कर रेलवे प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। पोस्ट पर रेलवे सेवा ने डीआरएम कटिहार को टैग करते हुए जांच और कार्रवाई का निर्देश दिया, जिस पर डीआरएम कटिहार के आधिकारिक हैंडल से जवाब आया— “असुविधा के लिए खेद है, मामले को संबंधित अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई हेतु सूचित कर दिया गया है।” यात्रियों ने उम्मीद जताई है कि रेलवे जल्द ही दोषियों की पहचान कर इस निःशुल्क सेवा को पुनः बहाल करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *