बैसा सीएचसी में आशा कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण, फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को मिलेगा बल

अंग इंडिया संवाददाता, पूर्णिया/

फाइलेरिया उन्मूलन को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एमडीए/आईडीए (मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन/इंटीग्रेटेड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन) अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बैसा में आशा कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका को मजबूत कर अभियान को जमीनी स्तर पर सफल बनाना रहा।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान आशा कार्यकर्ताओं को एल्बेंडाजोल, डीईसी और आइवरमेक्टिन दवाओं के सही सेवन, निर्धारित मात्रा, उनके लाभ और आवश्यक सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही दवा सेवन के बाद संभावित दुष्प्रभावों और उनके प्रबंधन के तरीकों पर भी मार्गदर्शन किया गया, ताकि किसी भी स्थिति में लाभार्थियों को सही सलाह और सहायता मिल सके।

कार्यक्रम में आशा कार्यकर्ताओं की ड्रग एडमिनिस्ट्रेटर के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका पर विशेष जोर दिया गया। उन्हें निर्देश दिया गया कि वे घर-घर जाकर पात्र लाभार्थियों को दवा खिलाएं, लोगों को दवा सेवन के लिए प्रेरित करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी व्यक्ति दवा लेने से वंचित न रहे।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य आशा कार्यकर्ताओं की क्षमता को सुदृढ़ करना है, ताकि फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को प्रभावी ढंग से लागू कर क्षेत्र को इस गंभीर बीमारी से मुक्त किया जा सके।