bhawanipur-kasturba-school-four-residential-schools-inspection-purnea

आनंद यादुका/ पूर्णिया

पूर्णिया जिलाधिकारी के निर्देश पर धमदाहा एसडीएम द्वारा गठित अधिकारियों की तीन सदस्यीय टीम ने गुरुवार को भवानीपुर प्रखंड क्षेत्र के चार आवासीय विद्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण दल में धमदाहा अनुमंडल कृषि पदाधिकारी अवधेश कुमार, धमदाहा नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी दिव्या मिश्रा तथा अवर निरीक्षक पल्लवी कुमारी शामिल रहीं।

निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों की टीम ने सर्वप्रथम आवासीय कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का जायजा लिया। जांच के दौरान विद्यालय में बच्चों के बैठने के लिए बेंच-डेस्क की कमी पाई गई। साथ ही वाई-फाई कनेक्शन उपलब्ध नहीं होने के कारण स्मार्ट क्लास संचालन में बाधा देखी गई। इस दौरान अधिकारियों की टीम ने विद्यालय की वार्डन उषा कुमारी एवं लेखापाल रणविजय सिंह से विभिन्न बिंदुओं पर पूछताछ करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। हालांकि समग्र रूप से विद्यालय की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया गया।

इसके उपरांत निरीक्षण दल ने बुलेट माइंड आवासीय विद्यालय, लक्ष्य एकेडमी तथा आवासीय आदर्श सरस्वती बाल विद्यालय भवानीपुर का भी निरीक्षण किया। जांच के दौरान आवासीय आदर्श सरस्वती बाल विद्यालय में कई गंभीर कमियां पाई गईं। इस पर धमदाहा अनुमंडल कृषि पदाधिकारी अवधेश कुमार, धमदाहा नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी दिव्या मिश्रा तथा अवर निरीक्षक पल्लवी कुमारी ने विद्यालय के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई हेतु वरीय अधिकारियों को रिपोर्ट भेजने की बात कही।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों की टीम ने सभी विद्यालय प्रबंधन को बच्चों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण, पर्याप्त फर्नीचर, तकनीकी सुविधाएं एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया।

By अंग इंडिया न्यूज़

अंग इंडिया न्यूज़ एक समर्पित डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है जो भारत की सांस्कृतिक गहराइयों, सामाजिक मुद्दों और जन-आवाज को निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करता है। हमारा उद्देश्य है—हर क्षेत्र, हर वर्ग और हर भाषा को प्रतिनिधित्व देना, ताकि खबरें सिर्फ सूचनाएं न रहें, बल्कि बदलाव की प्रेरणा बनें।हम न सिर्फ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं को कवर करते हैं, बल्कि उन कहानियों को भी उजागर करते हैं जो आमतौर पर मुख्यधारा से दूर रह जाती हैं। अंग इंडिया न्यूज़ का हर लेख, हर रिपोर्ट और हर विश्लेषण एक सोच के साथ लिखा जाता है—"जनता की नज़र से, जनता के लिए।"