बिहार चुनाव 2025: कांग्रेस ने मनु मानव को बनाया अररिया ज़िला पर्यवेक्षक, अति पिछड़ा वर्ग पर फोकस

अररिया, प्रिंस(अन्ना राय): भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन के प्रत्याशियों के चुनावी अभियान को गति देने और विजय सुनिश्चित करने के लिए कमर कस ली है। इसी क्रम में, पार्टी ने राज्य के 30 ज़िलों के लिए ज़िला पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार के हवाले से कार्यालय सचिव नलिन कुमार द्वारा जारी सूची में अररिया जिले की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बिहार प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता मनु मानव उर्फ मनु मंडल को सौंपी गई है।

अति पिछड़ा वर्ग की बहुलता को देखते हुए ज़िम्मेदारी
पार्टी सूत्रों के अनुसार, अररिया ज़िला में अत्यंत पिछड़ी जाति (EBC) की बहुलता को देखते हुए, ईबीसी समुदाय से आने वाले मनु मानव को यह अहम ज़िम्मेदारी सौंपी गई है। पर्यवेक्षक के रूप में मनु मानव का मुख्य कार्य विधानसभा क्षेत्रवार महागठबंधन के अन्य सहयोगी दलों के साथ समन्वय स्थापित करना और ज़मीनी स्तर पर चुनावी गतिविधियों को सशक्त बनाना होगा।

मनु मानव ने NDA पर साधा निशाना
अररिया जिला कांग्रेस पर्यवेक्षक बनाए जाने पर मनु मानव ने प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार के प्रति आभार व्यक्त किया। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि अररिया सहित पूरे सीमांचल में महागठबंधन की लहर है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एनडीए ने अत्यंत पिछड़ा वर्ग को शुरू से ही ठगने का काम किया है। उन्होंने कहा: “बेरोज़गारी और पलायन के साथ मूलभूत सुविधाओं को लेकर केंद्र और राज्य सरकार उदासीन रहे हैं, जिसके कारण जनता में एनडीए के प्रति रोष है और इसका फायदा निश्चित रूप से महागठबंधन के उम्मीदवारों को मिलेगा।” गौरतलब है कि मनु मानव अत्यंत पिछड़ा वर्ग के प्रमंडलीय संयोजक और खंगार विकास परिषद के पूर्व ज़िलाध्यक्ष जैसे पदों पर रह चुके हैं। उन्हें समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वर्ष 2023 में भारत रत्न राजीव गांधी समरसता अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *