BIHAR POLITICS : जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एनडीए सरकार के चार बड़े नेताओं – उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री मंगल पांडेय, मंत्री अशोक चौधरी और भाजपा सांसद संजय जायसवाल – पर गंभीर भ्रष्टाचार और फर्जीवाड़े के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बिहार की राजनीति आज उन लोगों के कब्जे में है, जिनके चरित्र और कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े होते रहे हैं। पीके ने सबसे पहले मंत्री मंगल पांडेय पर आरोप लगाया कि उनकी पत्नी के बैंक खाते में दो करोड़ रुपये से अधिक की संदिग्ध रकम जमा की गई, लेकिन आज तक उसका स्रोत सार्वजनिक नहीं किया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि एक साधारण परिवार से आने वाले मंत्री के घर अचानक इतनी बड़ी रकम कहां से आई? उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि उन्होंने राजनीति की सीढ़ियां चढ़ने के लिए फर्जी नाम, उम्र और डिग्री का सहारा लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सम्राट चौधरी की राजनीतिक पहचान और वैधानिक योग्यता पर ही सवालिया निशान है।

मंत्री अशोक चौधरी को घेरते हुए पीके ने कहा कि उन्होंने अपने पीए और बेटी के नाम पर करोड़ों की बेनामी जमीन खरीदी। इसके अलावा उन्होंने ट्रस्ट बनाकर जमीन के कई सौदे किए, जिनकी पूरी जांच होनी चाहिए। वहीं, भाजपा सांसद संजय जायसवाल पर आरोप लगाते हुए पीके ने कहा कि उन्होंने नगर निगम की गाड़ियों के लिए पेट्रोल पंप से फर्जी बिल बनवाकर करोड़ों की हेराफेरी की। इतना ही नहीं, उन्होंने वर्षों तक फ्लाईओवर के निर्माण को रोके रखा, जिससे जनता को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। प्रशांत किशोर ने कहा कि इन सभी नेताओं के खिलाफ उनके पास दस्तावेज और ठोस सबूत मौजूद हैं। बिहार की जनता को यह जानने का अधिकार है कि जिन नेताओं के हाथ में उनका भविष्य है, वे खुद कितने ईमानदार हैं। उन्होंने चुनौती दी कि यदि सरकार और संबंधित नेता निर्दोष हैं, तो वे सामने आकर सार्वजनिक बहस करें। इस मौके पर जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती, महामंत्री किशोर कुमार, एमएलसी अफाक अहमद समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। पीके ने कहा कि जन सुराज बिहार की राजनीति को नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध है और भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी।

 

By अंग इंडिया न्यूज़

अंग इंडिया न्यूज़ एक समर्पित डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है जो भारत की सांस्कृतिक गहराइयों, सामाजिक मुद्दों और जन-आवाज को निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करता है। हमारा उद्देश्य है—हर क्षेत्र, हर वर्ग और हर भाषा को प्रतिनिधित्व देना, ताकि खबरें सिर्फ सूचनाएं न रहें, बल्कि बदलाव की प्रेरणा बनें।हम न सिर्फ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं को कवर करते हैं, बल्कि उन कहानियों को भी उजागर करते हैं जो आमतौर पर मुख्यधारा से दूर रह जाती हैं। अंग इंडिया न्यूज़ का हर लेख, हर रिपोर्ट और हर विश्लेषण एक सोच के साथ लिखा जाता है—"जनता की नज़र से, जनता के लिए।"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *