बीपीएससी शिक्षिका शिवानी हत्याकांड – मुख्य आरोपी शिक्षक रंजीत कुमार गिरफ्तार

प्रिंस कुमार/अररिया : 24 वर्षीया बीपीएससी शिक्षिका शिवानी कुमारी वर्मा हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी, स्कूल के शिक्षक रंजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे सघनतापूर्वक पूछताछ की जा रही है। पूर्णिया रेंज के डीआईजी प्रमोद कुमार मंडल ने यह जानकारी दी।

डीआईजी ने किया घटनास्थल का जायजा
शिक्षक शिवानी कुमारी वर्मा हत्याकांड मामले की जांच को लेकर डीआईजी प्रमोद कुमार मंडल अररिया के नरपतगंज स्थित घटनास्थल और मध्य विद्यालय कन्हैली पहुँचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से जायजा लिया और स्थानीय लोगों से मामले से संबंधित विस्तृत पूछताछ की। इस दौरान डीआईजी के साथ एसपी अंजनी कुमार, फारबिसगंज एसडीपीओ मुकेश कुमार साहा, नरपतगंज थानाध्यक्ष सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद था।

‘पेशेवर सुपारी किलर’ का इस्तेमाल?
मौके पर मीडिया को जानकारी देते हुए डीआईजी प्रमोद कुमार मंडल ने बताया कि दर्ज प्राथमिकी के आधार पर मुख्य आरोपी शिक्षक रंजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। डीआईजी ने आशंका जताई कि जिस तरह से हत्याकांड को अंजाम दिया गया है, उसमें यह शक नहीं है कि घटना में पेशेवर अपराधी (सुपारी किलर) का इस्तेमाल किया गया हो। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि हत्या के लिए सुपारी देकर पेशेवर अपराधी से घटना को अंजाम दिए जाने की संभावना है। डीआईजी ने आश्वासन दिया कि अन्य आरोपियों और हत्यारे की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की लगातार छापेमारी जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *