कटिहार : कटिहार जिले में दवा दुकानदारों के देशव्यापी बंद का व्यापक असर देखने को मिला। शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में अधिकांश मेडिकल दुकानें बंद रहीं, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को दवाइयाँ लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा। यह बंद ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर किया गया, जिसके समर्थन में जिले के केमिस्टों ने भी अपनी दुकानें बंद रखीं।
दवा व्यवसायियों ने सदर अस्पताल कटिहार के सामने धरना-प्रदर्शन कर ऑनलाइन दवा बिक्री और कॉर्पोरेट कंपनियों की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाई। प्रदर्शन के दौरान दवा दुकानदारों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि बड़े ऑनलाइन प्लेटफॉर्म भारी छूट देकर छोटे दुकानदारों का व्यापार खत्म करने पर आमादा हैं, जिससे पारंपरिक मेडिकल दुकानों का अस्तित्व संकट में है।
केमिस्ट संगठनों के प्रतिनिधियों ने बताया कि पिछले पांच दिनों से काला बिल्ला लगाकर शांतिपूर्ण विरोध किया जा रहा था। बावजूद इसके जब मांगों पर कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो मजबूरन बंद और धरना का निर्णय लिया गया। उन्होंने ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक लगाने तथा कुछ सरकारी नियमों को वापस लेने की मांग दोहराई।
हड़ताल का सीधा असर मरीजों पर पड़ा। नियमित दवाइयाँ लेने वाले मरीज, बुजुर्ग और आपात जरूरत वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि केमिस्ट संगठनों ने मरीजों को हुई असुविधा पर खेद व्यक्त करते हुए कहा कि यह संघर्ष छोटे कारोबारियों के हित और सुरक्षित दवा व्यवस्था बनाए रखने के लिए किया जा रहा है।








