
बेटी के वेतन से बेटे की फीस काटने का विवाद : सहरसा डीपीएस में महिला से मारपीट, नोकझोंक वीडियो वायरल
सहरसा, अजय कुमार : पटुआहा स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) +2 में फीस जमा न होने के विवाद में एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो शुक्रवार शाम सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। घायल महिला नगर निगम क्षेत्र के रिफ्यूजी कॉलोनी निवासी अनिल कुमार की पत्नी 40 वर्षीय पूनम देवी हैं, जिन्हें सहरसा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पूनम देवी ने बताया कि उनकी बड़ी बेटी समरप्रीत ने अप्रैल में उसी स्कूल में शिक्षक के रूप में ज्वाइन किया था, लेकिन नवंबर में नौकरी छोड़ दी। उनका बेटा आयुष कुमार आठवीं कक्षा का छात्र है। पूनम देवी के अनुसार, स्कूल ने समरप्रीत को 6 हजार रुपये मासिक वेतन पर रखा था, जबकि आयुष की फीस 3100 रुपये मासिक थी। सहमति बनी थी कि बेटी के वेतन से ही बेटे की फीस काट ली जाएगी।
परीक्षा से पहले एडमिट कार्ड रोका,विवाद भड़का:
पीड़िता का आरोप है कि अप्रैल से नवंबर तक समरप्रीत ने नियमित रूप से स्कूल में पढ़ाया पढ़ाई,लेकिन उसे वेतन नहीं मिला। दो दिन पहले आयुष परीक्षा देने पहुंचा तो स्कूल ने फीस न जमा होने का हवाला देकर एडमिट कार्ड रोक लिया। शुक्रवार को पूनम अपनी बेटी-बेटे के साथ अकाउंट्स सेक्शन पहुंचीं। फीस-वेतन के हिसाब पर अकाउंटेंट नफीस से बहस हो गई, जो नोकझोंक और हाथापाई में बदल गई। समरप्रीत ने वीडियो बना लिया, जिसमें पूनम के घायल होने का दृश्य कैद है।डीपीएस के एग्जाम कंट्रोलर पवन कुमार सिंह ने आरोपों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा, “समरप्रीत ने छह माह सेवा दी, लेकिन बिना सूचना छोड़ दिया। अधिकांश भुगतान हो चुका है, केवल कुछ दिनों का बकाया रह गया हो सकता है। आयुष की फीस कभी जमा नहीं की गई। परिजनों ने बेवजह हंगामा किया।”सहरसा सदर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।