पूर्णिया: बिहार कांग्रेस के अंदरूनी हालात को लेकर असंतोष जताते हुए खगड़िया के पूर्व विधायक छत्रपति यादव ने 17 मार्च 2026 को पटना में ‘बिहार कांग्रेस बचाओ’ महासम्मेलन आयोजित करने की घोषणा की है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश स्तर पर संगठनात्मक निर्णयों और टिकट वितरण में पारदर्शिता की कमी से समर्पित कार्यकर्ताओं में निराशा और असमंजस की स्थिति बनी है।
यादव ने कहा कि कई वरिष्ठ नेताओं को कारण बताओ नोटिस दिए जाने के बावजूद स्पष्ट कार्रवाई नहीं की गई, जिससे कार्यकर्ताओं के बीच भ्रम की स्थिति है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरू की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए संगठन में संवाद और जवाबदेही की आवश्यकता बताई। उनके अनुसार, हालिया चुनाव में कई मौजूदा विधायकों के टिकट काटे जाने और बाहरी चेहरों को अवसर दिए जाने से जमीनी कार्यकर्ताओं की भावना आहत हुई है।
यादव ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस संक्रमण काल से गुजर रही है और कार्यकर्ताओं को भयमुक्त वातावरण में अपनी बात रखने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने समर्पित कांग्रेसजनों से अपील की कि वे जिलेवार जनसंपर्क अभियान में भाग लेकर 17 मार्च को पटना पहुंचें और संगठन की मजबूती के लिए एकजुटता का संदेश दें।



