धमदाहा में भव्य रावण दहन, मंत्री लेसी सिंह ने रथ पर सवार होकर चलाया विजय का तीर

पूर्णिया, आनंद यादुका: पवित्र दशहरा के अवसर पर धमदाहा नेहरू चौक में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में बिहार सरकार की मंत्री एवं धमदाहा विधायक लेसी सिंह ने रथ पर सवार होकर 60 फीट ऊंचे रावण के पुतले को तीर चलाकर दहन किया।

गुरुवार की संध्या लगभग साढ़े आठ बजे हुए इस भव्य आयोजन में हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। रावण दहन से पहले मंत्री लेसी सिंह ने मंच से जनता को संबोधित करते हुए कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है और रावण वध यह सिखाता है कि अहंकार का अंत निश्चित है।

उन्होंने आयोजन समिति को इस शानदार कार्यक्रम के लिए धन्यवाद भी दिया। जैसे ही मंत्री ने धनुष से तीर छोड़ा, रावण का पुतला धू-धू कर जल उठा और पूरा मैदान “जय श्रीराम” के नारों से गूंज उठा। इस मौके पर नगर पंचायत की मुख्य पार्षद रानी देवी, मेला कमिटी अध्यक्ष मनीष कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *