Bihar Election 2025 : कसबा विधानसभा के जलालगढ़ में गुरुवार को आयोजित एनडीए की विशाल जनसभा में असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा ने अपने आक्रामक अंदाज से माहौल गर्म कर दिया। उन्होंने लोजपा (रामविलास) के हेलीकॉप्टर छाप प्रत्याशी नितेश सिंह के पक्ष में वोट मांगते हुए कहा कि “अगर हिंदू एक नहीं हुए तो न जमीन रहेगा, न घर रहेगा।” सरमा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, जीतन राम मांझी, चिराग पासवान और उपेंद्र कुशवाहा को ‘पाँच पांडव’ बताते हुए कहा कि ये मिलकर ‘दुर्योधन’ को हराएंगे। उन्होंने कांग्रेस और महागठबंधन पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि “अब प्रदीप-बर्दीप नहीं चलेगा, ऐसे लोगों की वजह से ही भारत सदियों तक गुलाम रहा।” सरमा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उनके बयान को देशविरोधी बताया और कहा कि “अगर जानबूझकर कहा है तो सुप्रीम कोर्ट इसे देशद्रोह माने, गलती से कहा है तो इलाज होना चाहिए।
उन्होंने नीतीश सरकार की महिलाओं को ₹10,000 देने की योजना की सराहना की और कहा कि इसे उन्होंने असम में भी लागू किया है। साथ ही बताया कि असम में मदरसों को बंद कर तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा दिया गया ताकि “वहां से मुल्ले नहीं, डॉक्टर और इंजीनियर निकलें।” सरमा ने बिहार की जनसंख्या संतुलन पर चिंता जताते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें इस पर सतर्क हैं। वहीं एनडीए प्रत्याशी नितेश सिंह ने कहा कि वे पूर्णिया की मिट्टी के लाल हैं और अगर मौका मिला तो कसबा को आदर्श विधानसभा बनाने का काम करेंगे।
हेमंत बिस्वा सरमा का यह जोशीला भाषण एनडीए समर्थकों में जबरदस्त उत्साह भर गया और कसबा विधानसभा का चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया।

