पूर्णिया: जिला स्थापना दिवस के अवसर पर जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, पूर्णिया के जीर्णोद्धारित भवन का विधिवत उद्घाटन किया। लंबे समय से जर्जर स्थिति में पड़े इस भवन का पुनर्निर्माण हाल में पूरा हुआ है, जिससे संस्था को नया स्वरूप मिला है। उद्घाटन समारोह में सिविल सर्जन सह रेडक्रॉस सचिव डॉ. पी.के. कन्नौजिया सहित अन्य सदस्यों ने जिलाधिकारी का स्वागत किया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि प्रशासन के मार्गदर्शन में भवन का कायाकल्प संभव हो सका है और इससे संस्था की गतिविधियों को नई गति मिलेगी। जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि रेडक्रॉस आपदा राहत और रक्त सेवा जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाती रही है, लेकिन भवन की दयनीय स्थिति और अव्यवस्था के कारण इसकी प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही थी तथा ब्लड बैंक की मान्यता पर भी संकट मंडरा रहा था।

आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए चरणबद्ध तरीके से मरम्मत एवं अधिष्ठापन कार्य कराया गया है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही फर्नीचर और आवश्यक उपकरणों की आपूर्ति पूरी कर ली जाएगी तथा रेडक्रॉस सोसायटी को एक मॉडल इकाई के रूप में विकसित किया जाएगा। इस कार्य में सहयोग देने वाले अभियंताओं, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मियों की भी प्रशंसा की गई।

By अंग इंडिया न्यूज़

अंग इंडिया न्यूज़ एक समर्पित डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है जो भारत की सांस्कृतिक गहराइयों, सामाजिक मुद्दों और जन-आवाज को निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करता है। हमारा उद्देश्य है—हर क्षेत्र, हर वर्ग और हर भाषा को प्रतिनिधित्व देना, ताकि खबरें सिर्फ सूचनाएं न रहें, बल्कि बदलाव की प्रेरणा बनें।हम न सिर्फ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं को कवर करते हैं, बल्कि उन कहानियों को भी उजागर करते हैं जो आमतौर पर मुख्यधारा से दूर रह जाती हैं। अंग इंडिया न्यूज़ का हर लेख, हर रिपोर्ट और हर विश्लेषण एक सोच के साथ लिखा जाता है—"जनता की नज़र से, जनता के लिए।"