
Purnia News: भवानीपुर में एनडीए का शक्ति प्रदर्शन, विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में दिखा एकजुटता का संदेश
पूर्णिया: Purnia News शुक्रवार को भवानीपुर में आयोजित एनडीए के विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में गठबंधन के सभी दलों की मौजूदगी ने आगामी चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज कर दी। लोजपा जिलाध्यक्ष सौरभ झा की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष यादवेंद्र कुमार सिंह पिंटू ने किया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, बिहार सरकार के मंत्री जनक राम, हम पार्टी के राष्ट्रीय नेता कमालुद्दीन, रालोमा के अनंत गुप्ता सहित कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मंच पर उपस्थित रहे।
जदयू उपाध्यक्ष कलाधर मंडल ने सभी अतिथियों को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए उमेश कुशवाहा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार के विकास को रेखांकित किया और कार्यकर्ताओं से उनकी योजनाओं को घर-घर तक पहुँचाने का आह्वान किया। मंत्री जनक राम ने डबल इंजन की सरकार की उपलब्धियों को साझा करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में जनसंपर्क को तेज करने की बात कही। कार्यक्रम में एनडीए के सभी घटक दलों के नेता, प्रखंड अध्यक्ष और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिससे भवानीपुर में एनडीए की मजबूत जमीनी पकड़ का संदेश स्पष्ट रूप से दिखा।