मोबाइल नंबर से निजी जानकारी लीक करने वाले नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई, पूर्णिया से एक गिरफ्तार

PURNIA NEWS : CERT-IN से प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर बिहार पुलिस ने मोबाइल नंबर सर्च करने पर भारतीय नागरिकों की निजी जानकारी उजागर करने वाली वेबसाइट proxyearth.org के मामले में त्वरित संज्ञान लेते हुए बड़ी कार्रवाई की है। विशेष टास्क फोर्स पटना, आर्थिक अपराध इकाई बिहार और साइबर थाना पूर्णिया की संयुक्त टीम द्वारा की गई तकनीकी जांच में यह पुष्टि हुई कि वेबसाइट पर मोबाइल उपभोक्ताओं की संवेदनशील जानकारी, जो सामान्यतः कानून प्रवर्तन एजेंसियों को उपलब्ध कराई जाती है, खुले तौर पर प्रदर्शित हो रही थी। जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पूर्णिया मुफस्सिल थाना क्षेत्र के श्रीनगर चौक से राकेश कुमार को गिरफ्तार किया गया l

जिसके पास से 9 मोबाइल फोन, एक टैब, दो लैपटॉप, विभिन्न बैंकों के पासबुक, एटीएम कार्ड, आधार-पैन, चेकबुक और 2.80 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। पूछताछ में खुलासा हुआ कि अभियुक्त वर्ष 2024 से अवैध ऑनलाइन गेमिंग और आपत्तिजनक प्लेटफॉर्म के प्रचार से जुड़े कंटेंट को सोशल मीडिया पर प्रसारित कर रहा था, जिसमें अन्य सहयोगियों की भी भूमिका सामने आई है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध साइबर अपराध से जुड़ी धाराओं में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *