भागलपुर में बड़ा हादसा टला: पीपरपाती रैन बसेरा के पास स्कूल वैन में लगी आग

Major tragedy averted in Bhagalpur: School van catches fire near Peeparpati night shelter

भागलपुर/

ललमटिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पीपरपाती स्थित रैन बसेरा के समीप सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक निजी विद्यालय की स्कूल वैन में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठते देख आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए और मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बिना समय गंवाए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, जिससे स्थिति को काफी हद तक नियंत्रित कर लिया गया। सूचना मिलते ही ललमटिया थाना की पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
इस घटना में सबसे राहत की बात यह रही कि आग लगने के समय स्कूल वैन में कोई भी स्कूली बच्चा सवार नहीं था। यदि उस समय बच्चे वैन में मौजूद होते, तो यह घटना एक बड़े और गंभीर हादसे का रूप ले सकती थी।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्राथमिक रूप से शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस और अग्निशमन विभाग द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने स्थिति सामान्य होने के बाद बहाल कराया।