सहरसा, अजय कुमार: जिले के सिमरी बख्तियारपुर प्रखंड क्षेत्र के कांठो-बलवाहाट में आयोजित बाबा मटेश्वर महोत्सव का शुभारंभ हुआ। उक्त अवसर पर उपस्थित सांसद,मधेपुरा लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र दिनेशचंद्र यादव, जिलाधिकारी दीपेश कुमार, विधायक सिमरी बख्तियारपुर संजय कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक हिमांशु, उप विकास आयुक्त गौरव कुमार, नगर आयुक्त प्रभात कुमार झा, अनुमंडल पदाधिकारी,सिमरी बख्तियारपुर आलोक राय, डीसीएलआर,जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी प्रमुख एवं अन्य उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
उक्त अवसर पर जिलाधिकारी दीपेश कुमार द्वारा महाशिवरात्रि की शुभकामना दी गई एवं समन्वित प्रयास से क्षेत्र व जिला के समेकित विकास की कामना की गई। उन्होंने कहा कि विभिन्न अवसरों पर महोत्सव का आयोजन सहरसा जिला के महान संस्कृति व परंपरा व आस्था को प्रतिबिंबित करता है। इसके फलस्वरूप क्षेत्र को न केवल आस्था से जुड़ने एवं गौरवशाली संस्कृति, परंपरा को स्मरण करने का मौका मिलता है, बल्कि महोत्सव आयोजन के फलस्वरूप क्षेत्र के प्रतिभाशाली कलाकारों को अपने कला प्रदर्शन का मौका मिलता है। जो अंततः क्षेत्र में कला प्रोत्साहन के लिए संजीवनी के रूप में कार्य करेगा।
महोत्सव आयोजन से फलस्वरूप जीवन में एकरसता व तनाव से निजात पाने का अवसर मिलता है जो कि उल्लासपूर्ण जीवन के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भविष्य में बाबा मटेश्वर महोत्सव को और अधिक व्यापक स्वरूप देने के लिए एवं मंदिर के विकास, सौंदर्यीकरण हेतु ठोस प्रयास किया जाएगा। सांसद, विधायक ने बाबा मटेश्वर महोत्सव आयोजन की सराहना की एवं भविष्य में संदर्भित क्षेत्र को पर्यटकीय स्वरूप देने हेतु ठोस प्रयास करने की बात कही।



