पूर्णिया : पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र के रानीपतरा मुफस्सिल थाना अंतर्गत पिपरा गांव स्थित ठाकुर बाबा स्थान पर आयोजित 1008 महाविष्णु यज्ञ सह अखंड हरिनाम संकीर्तन समारोह में सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूरे क्षेत्र में भक्ति व आस्था का वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम के दौरान युवा एकता संघ के अध्यक्ष गौतम भास्कर व साथियों ने सांसद को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। सांसद ने सम्मान के लिए आयोजकों का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और लोगों को प्रेम, भाईचारे व एकता के सूत्र में बांधते हैं।

अपने संबोधन में सांसद ने कहा कि धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम परंपराओं को सुदृढ़ करने के साथ सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा देते हैं। अखंड हरिनाम संकीर्तन जैसे आयोजन लोगों को आध्यात्मिक शांति प्रदान करते हैं और समाज में सद्भाव बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से आपसी सहयोग, प्रेम और एकता बनाए रखने की अपील की।

इस भव्य आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर संकीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का लाभ उठाया। क्षेत्रवासियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम सामाजिक जुड़ाव और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं।

इस अवसर पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष अफरोज आलम, सांसद प्रतिनिधि बबलू भगत, जिला परिषद सदस्य विवेका यादव, मुखिया अंगद मंडल, पैक्स अध्यक्ष रुपेश यादव, सांसद प्रवक्ता राजेश यादव, नगर प्रतिनिधि वैश खान, अरुण सिंह व नेयर खान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

By अंग इंडिया न्यूज़

अंग इंडिया न्यूज़ एक समर्पित डिजिटल न्यूज़ पोर्टल है जो भारत की सांस्कृतिक गहराइयों, सामाजिक मुद्दों और जन-आवाज को निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करता है। हमारा उद्देश्य है—हर क्षेत्र, हर वर्ग और हर भाषा को प्रतिनिधित्व देना, ताकि खबरें सिर्फ सूचनाएं न रहें, बल्कि बदलाव की प्रेरणा बनें।हम न सिर्फ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं को कवर करते हैं, बल्कि उन कहानियों को भी उजागर करते हैं जो आमतौर पर मुख्यधारा से दूर रह जाती हैं। अंग इंडिया न्यूज़ का हर लेख, हर रिपोर्ट और हर विश्लेषण एक सोच के साथ लिखा जाता है—"जनता की नज़र से, जनता के लिए।"