विकास कार्यों में ढिलाई बर्दाश्त नहीं, योजनाएं तय समय पर हों पूरी: निरीक्षण के दौरान विधायक विजय खेमका का सख्त संदेश

PURNIA NEWS : पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र में विकास को तेज़ गति देने के उद्देश्य से विधायक विजय खेमका ने चुनाव पूर्व स्वीकृत कई महत्वपूर्ण योजनाओं का विभिन्न स्थलों पर जाकर गहन निरीक्षण किया और कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण की शुरुआत पूर्णिया सिटी में भोला पासवान कृषि महाविद्यालय के पास से माँ पूरण देवी तक बन रही सड़क से हुई, जहां पथ निर्माण विभाग को चौड़ीकरण कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया। इसके बाद भट्ठा दुर्गाबाड़ी में निर्माणाधीन खादी मॉल, जो पटना के बाद बिहार का दूसरा सबसे बड़ा खादी मॉल होगा, के कार्य में देरी पर विधायक ने उद्योग विभाग और संबंधित एजेंसियों को फटकार लगाते हुए समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने को कहा। थाना चौक स्थित राज्य के दूसरे राजकीय पुस्तकालय के निर्माण स्थल पर भी कार्य की धीमी गति पर असंतोष जताते हुए विद्यार्थियों और पाठकों के हित में जल्द निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया गया।

वहीं जेल चौक बीएमपी कैंप के समीप पुराने मौसम विज्ञान केंद्र के स्थान पर बन रहे डॉप्लर रडार युक्त अत्याधुनिक मौसम विज्ञान केंद्र के निरीक्षण के दौरान विधायक ने कहा कि इसके चालू होने से किसानों और आम लोगों को सटीक मौसम पूर्वानुमान का लाभ मिलेगा, इसलिए गुणवत्ता और गति दोनों में तेजी लाई जाए। निरीक्षण के दौरान विधायक खेमका ने स्पष्ट कहा कि ये सभी योजनाएं एनडीए सरकार में उनके प्रयास से स्वीकृत हुई थीं और अब इन्हें समय पर पूरा करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है, लापरवाही करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार विकसित और आत्मनिर्भर बिहार के संकल्प के साथ काम कर रही है और पूर्णिया की जनता के विश्वास के अनुरूप विकास योजनाओं को धरातल पर उतारना उनकी प्राथमिकता है। इस अवसर पर भाजपा नेताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *