Purnia News: बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का अधिकारियों ने किया नाव से निरीक्षण, राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

पूर्णिया, अभय कुमार सिंह: Purnia News रूपौली प्रखंड में आयी भीषण बाढ़ को लेकर जिला प्रशासन अब सक्रिय हो गया है और शुक्रवार को जिले से पहुंचे अधिकारियों ने नाव से बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। जिला सहायक समाहर्ता महेश कुमार, सहायक आपदा प्रबंधक पदाधिकारी प्रणव कुमार एवं अंचलाधिकारी शिवानी सुरभि ने कोयली सिमड़ा पूर्व व पश्चिम पंचायतों सहित कोशकीपुर, डुमरी, पुरानी नंदगोला जैसे गांवों का निरीक्षण किया और पीड़ितों से मिलकर उनकी समस्याएं जानी।

दौरे के दौरान ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि शौचालय, बिजली कटौती, भोजन, मजदूरी ठप और मवेशियों के चारे की गंभीर समस्याएं हैं। इस पर अधिकारियों ने लोक स्वास्थ्य अभियांत्रण विभाग को बाढ़ क्षेत्र में तत्काल अस्थायी शौचालय निर्माण और बिजली विभाग को निर्वाध आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही सामुदायिक किचन की व्यवस्था और मवेशियों के चारे की आपूर्ति के लिए भी संबंधित विभागों को आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।

सीओ शिवानी सुरभि ने बताया कि यातायात सुविधा के लिए पर्याप्त नाव की व्यवस्था की जा चुकी है। प्रशासन ने किसी भी आपदा से संबंधित मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 06454242317, 06454242319 और 06454242320 जारी किए हैं, जिन पर कभी भी संपर्क किया जा सकता है। सहायक आपदा प्रबंधक पदाधिकारी प्रणव कुमार ने कहा कि “बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर तत्काल समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए गए हैं, और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *