पूर्णियाँ : जिले में लंबित नीलाम पत्र वादों के त्वरित निस्तारण को लेकर जिला प्रशासन ने बुधवार को विशेष समीक्षा एवं मिलान अभियान चलाया। जिला पदाधिकारी श्री अंशुल कुमार, भा.प्र.से. की अध्यक्षता में पूर्णिया के महानंदा सभागार में जिले के सभी नीलाम पत्र पदाधिकारियों, विभिन्न बैंकों के समन्वयकों एवं शाखा प्रबंधकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नीलाम पत्र वादों से संबंधित अभिलेखों और बैंक रिकॉर्ड का गहन मिलान किया गया।बैठक का मुख्य उद्देश्य नीलाम पत्र वादों की वास्तविक और अद्यतन स्थिति का पता लगाकर लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित करना था। इस दौरान नीलाम पत्र वादों से संबंधित पंजी-IX एवं पंजी-X में दर्ज मामलों का बैंक स्तर पर उपलब्ध अभिलेखों से मिलान किया गया।
प्रशासन के अनुसार जिले में नीलाम पत्र वादों के कुल 16,317 मामले दर्ज हैं। इनमें से बुधवार को 11,201 मामलों का मिलान पूरा कर उनकी वर्तमान स्थिति प्राप्त कर ली गई। इससे बड़ी संख्या में लंबित मामलों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हुई है और इनके निस्तारण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ है।हालांकि अभी 5,116 नीलाम पत्र वादों का वास्तविक मिलान बाकी है। इन मामलों के अभिलेखों और बैंक रिकॉर्ड का मिलान करने के लिए जिला प्रशासन ने 20 अगस्त 2026 को पुनः महानंदा सभागार में बैठक निर्धारित की है। इसमें संबंधित नीलाम पत्र पदाधिकारी, बैंक समन्वयक एवं शाखा प्रबंधक आवश्यक अभिलेखों के साथ उपस्थित होंगे।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी श्री अंशुल कुमार ने सभी नीलाम पत्र पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित सभी मामलों की वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त करते हुए उनके त्वरित निस्तारण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने बैंक अधिकारियों और संबंधित पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने पर भी जोर दिया।जिला प्रशासन की इस पहल से नीलाम पत्र वादों के लंबित मामलों की वास्तविक स्थिति सामने आने के साथ-साथ उनके शीघ्र निष्पादन की उम्मीद बढ़ी है। अब 20 अगस्त को होने वाली अगली बैठक में शेष 5,116 मामलों के मिलान और अद्यतन स्थिति पर कार्रवाई की जाएगी।